Home पॉलिटिक्स आम आदमी पार्टी सोमवार को पंजाब में कर सकती है अपने...

आम आदमी पार्टी सोमवार को पंजाब में कर सकती है अपने मंत्रिमंडल का विस्तार

कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री के अलावा नौ मंत्री हैं। वहीं एक मंत्री – डॉ विजय सिंगला – को भ्रष्टाचार के आरोप में हटा दिया गया था।

पंजाब:आम आदमी पार्टी सोमवार को पंजाब में अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेगी ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं। भगवंत मान के मंत्रालय में एक महिला समेत कम से कम पांच मंत्रियों को और शामिल किए जाने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार ने पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को पत्र भेजकर सोमवार को शपथ समारोह के लिए समय मांगा है।

शुक्रवार को दिल्ली में सीएम भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच हुई बैठक में कथित तौर पर विस्तार पर चर्चा हुई।

इस दौरान गुरु हरसहाय विधायक फौजा सिंह सारारी, अमृतसर दक्षिण के विधायक डॉ इंदरबीर सिंह निज्जर, खरड़ विधायक अनमोल गगन मान, समाना से विधायक चेतन सिंह जौरामाजरा और सुनाम से विधायक अमन अरोड़ा भगवंत सिंह मान के मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना है।

वहीं एक वीडियो मैसेज में, गुरु हरसहाय के विधायक फौजा सिंह सराही ने मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए उन्हें कॉल आने की पुष्टि की है। साथ ही उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान को धन्यवाद दिया और कहा कि आप सरकार आम जनता के कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बता दें कि कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री के अलावा नौ मंत्री हैं। वहीं एक मंत्री – डॉ विजय सिंगला – को भ्रष्टाचार के आरोप में हटा दिया गया था। परिणामस्वरूप, वर्तमान में कैबिनेट में आठ पद खाली पड़े हैं और पार्टी के सूत्रों का कहना है कि सभी पदों को तुरंत नहीं भरा जा सकता है।

Exit mobile version