गाजियाबाद: हाईटेक टाउनशिप वेव सिटी में मुआवजे के नाम पर हो रहे हंगामे ने मंगलवार को भय का माहौल पैदा कर दिया। अराजक तत्वों द्वारा किए गए प्रदर्शन और शोर-शराबे से वेव सिटी स्थित एक निजी स्कूल के सैकड़ों छात्र सहम गए। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय निवासियों में भी गहरी चिंता देखी गई।
बताया जा रहा है कि कुछ लोग किसानों के नाम पर वेव सिटी परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी और हंगामा कर रहे थे। इस दौरान प्रशासन को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वेव सिटी थाने के पास स्थित छबील दास पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों पर इसका सीधा असर पड़ा और कई छात्र डर के कारण घबरा गए।
स्कूल के बाहर जमा भीड़ को देख अभिभावक भी चिंतित हो उठे और उन्हें आशंका रही कि कहीं प्रदर्शनकारी कोई अप्रिय हरकत न कर दें। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार इस तरह के घटनाक्रम से इलाके में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
सूत्रों के अनुसार मुआवजे के मुद्दे को लेकर कुछ तत्व लगातार वेव सिटी प्रबंधन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि वेव सिटी प्रबंधन और किसानों के बीच हुए समझौते के तहत मुआवजा दिया जा चुका है और मामला अदालत में भी जा चुका है, जहां इसे खारिज किया गया था। इसके बावजूद कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।





















