Home क्राइम Aryan Khan Case : 22 दिन बाद ऐसे हुई आर्यन की रिहाई,...

Aryan Khan Case : 22 दिन बाद ऐसे हुई आर्यन की रिहाई, शाहरूख के घर आई खुशी

‘बेल लेटर बॉक्स’ शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे खोला गया था जिसके बाद जेल अधिकारियों ने आर्यन की रिहाई का आदेश प्राप्त किया था। आर्यन खान 22 दिन के बाद शनिवार को मुंबई की आर्थर रोड जेल से रिहा होकर बांद्रा स्थित अपने घर ‘मन्नत’ पहुंचे।

मुंबई। अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन (23) को स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने तीन अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। वह आठ अक्टूबर से आर्थर रोड जेल में बंद थे। आर्यन सुबह 11 बजे जेल से बाहर आए। जेल से निकलते ही वह, वहां पर पहले से इंतजार में खड़ी एक कार में सवार हुए और करीब साढ़े ग्यारह बजे अपने घर पहुंच गए।

आर्यन के बाहर आने से आधे घंटा पहले उनके पिता शाहरूख का अंगरक्षक वहां पर पहले से इंतजार में खड़ी सफेद रंग की रेंज रोवर कार से उतरा और जेल के द्वार के निकट खड़ा हो गया। उसे वहां तैनात पुलिसकर्मियों से बात करते देखा गया। करीब 11 बजे कार को जेल के द्वार के निकट लाकर खड़ा कर दिया गया। इस रेंज रोवर समेत गाड़ियों का एक काफिला आठ बजे के आसपास ‘मन्नत’ से निकला था। सुबह से ही शाहरूख खान के प्रशंसकों की भीड़ जेल के बाहर एकत्रित हो गई थी। जेल के बाहर बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी भी मौजूद थे।

जेल अधीक्षक नितिन वायचाल ने बताया था कि आर्यन को सुबह दस बजे से बारह बजे के बीच रिहा किया जाएगा। उन्होंने बताया था कि आर्यन के अलावा कुछ अन्य कैदियों को भी रिहा किया जाएगा। उन्होंने कहा था, ‘‘रिहाई के जितने आदेश होंगे, औपचारिकताएं पूरी करने में उतना ही अधिक समय लगेगा।’’

एक दिन पहले ही विशेष अदालत ने आर्यन की रिहाई का मेमो जारी किया था। दिवाली के लिए उच्च न्यायालय में दो सप्ताह का अवकाश शुरू होने से एक दिन पहले तीनों को राहत मिली है। उच्च न्यायालय द्वारा तय शर्तों के अनुसार तीनों को विशेष एनडीपीएस अदालत में अपने पासपोर्ट जमा करने होंगे और वे विशेष अदालत से अनुमति लिये बिना भारत छोड़कर नहीं जाएंगे। उन्हें हर शुक्रवार को एनसीबी कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2 बजे के बीच मौजूदगी दर्ज कराने आना होगा।

Exit mobile version