Home पॉलिटिक्स Assembly Election Results 2022 : भाजपा के मैन ऑफ द मैच रहे...

Assembly Election Results 2022 : भाजपा के मैन ऑफ द मैच रहे पीएम मोदी


नई दिल्ली।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए। चार में भाजपा की प्रचंड जीत हुई। पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा भगवा लहराया है। इससे हर कार्यकर्ता गदगद है। सभी कार्यकर्ताओं ने इसके लिए पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की जीत पर कहा कि यह नतीजे पार्टी के ‘‘गरीब हितैषी और अति सक्रिय शासन’’ पर जनता की ‘‘बड़ी मजबूत मुहर’’ हैं। उन्होंने भाजपा मुख्यालय में कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा की जीत के यह मायने भी है कि देश के हर छोर की जनता ने भाजपा, उसकी नीति, नीयत और निर्णयों पर विश्वास को एकसूत्र में बांधने का काम किया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का यह पहला उदाहरण है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य के लोगों ने जाति और धर्म की राजनीति को दरकिनार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा और उसके सहयोगियों की जीत सुनिश्चित की है। उन्होंने लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष द्वारा पिछले दो-तीन दिनों से चलाए जा रहे भ्रामक अभियान को उन लोगों ने दरकिनार कर दिया है, जिन्होंने भाजपा के अच्छे शासन में विश्वास जताया।

केंद्रीय गृह मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने पार्टी को मिली सफलता को गांव, गरीब और किसानों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण की नीति पर अडिग विश्वास की जीत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन पर जनता की मुहर करार दिया। उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा की जीत पर इन राज्यों की जनता के प्रति आभार जताया और भाजपा की प्रदेश इकाइयों के शीर्ष नेताओं के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि पार्टी के प्रति भारी जनसमर्थन प्रधानमंत्री की योजनाओं एवं नीतियों पर उनकी मंजूरी की मुहर को दर्शाता है।

Exit mobile version