Home पॉलिटिक्स हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होगा, 8 दिसंबर को...

हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होगा, 8 दिसंबर को वोटों की गिनती

नई दिल्ली। केंद्रीय चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। राजधानी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चुनाव आयोग की ओर से कहा गया कि राज्य में 12 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा। इसके लिए 17 अक्तूबर को अधिसूचना जारी होगी। मतगणना आठ दिसंबर को होगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल आठ जनवरी 2023 को खत्म हो रहा है। इससे पहले चुनाव की सारी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। आयोग ने इसी के अनुसार, अपनी तैयारी की है।

आज ही गुजरात के आगामी चुनावों की तारीखों का ऐलान होने की संभावना थी, लेकिन उसकी तारीख नहीं घोषित की गईं। अब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 20 अक्टूबर के बाद किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश में कुल 68 सीटें हैं। इनमें 17 SC वर्ग के लिए आरक्षित हैं, जबकि तीन ST वर्ग के लिए आरक्षित हैं।चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए 7,881 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। हर एक पोलिंग स्टेशन पर औसतन 699 वोटर वोट डाल पाएंगे। शहरी इलाकों में 646 और ग्रामीण इलाकों में 7,235 पोलिंग बूथ होंगे। इनमें 142 पोलिंग बूथ महिलाएं संचालित करेंगी और 37 दिव्यांग कर्मचारी करेंगे। पिछली बार के मुकाबले वोटिंग पोलिंग स्टेशन की संख्या में 4.73% का इजाफा हुआ है।

चुनाव के तारीखों की घोषणा के बाद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मैं चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करता हूं कि चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो रही है और ऐसे में प्रदेश में कोड ऑफ कंडक्ट लागू हो चुका है। हम पूरा सहयोग करेंगे और बहुत जोरदार अभियान प्रदेश में आपको देखने को मिलेगा तथा निश्चित रूप से बीजेपी की जीत होगी। वर्तमान में कांग्रेस का पूरे देश में बहुत खराब दौर चल रहा है और हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस का बहुत परेशानी का दौर चल रहा है तो उन्हें निश्चित रूप से हिमाचल प्रदेश में सफलता नहीं मिलेगी।

चुनाव आयोग ने शुक्रवार को बताया कि हिमाचल प्रदेश में 55 लाख 07 हजार 261 मतदाता हैं। इनमें 27 लाख 80 हजार 208 पुरुष और 27 लाख 27 हजार 16 महिला वोटर्स हैं। 67 हजार 532 मतदाता सरकारी कर्मचारी हैं। 56,001 दिव्यांग वोटर्स हैं। इसके अलावा 80 साल से ज्यादा उम्र के 1.22 लाख मतदाता हैं। 1,184 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा है। 1.86 लाख मतदाता ऐसे हैं, जो पहली बार वोट करेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है। इनमें 43 हजार 172 वोटर्स ऐसे हैं, जिनकी आयु एक जनवरी 2022 से एक अक्तूबर 2022 के बीच 18 साल पूरी हुई है।

Exit mobile version