Home पॉलिटिक्स Assembly Results 2022 : विपक्षी नेताओं को नहीं भा रहा है एग्जिट...

Assembly Results 2022 : विपक्षी नेताओं को नहीं भा रहा है एग्जिट पोल

उत्तर प्रदेश में एक वक्त प्रदेश में वर्चस्व रखने वाली कांग्रेस इस बार भी कोई कमाल नहीं दिखा पाई है। एग्जिट पोल्स के हिसाब के कांग्रेस को 4-8 के बीच सीटें मिलती दिख रही हैं। चुनावी प्रचार के दौरान इस बार जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूरी ताकत झोंकते हुए महिला वोटर्स पर फोकस किया था, वहीं एग्जिट पोल्स बता रहे हैं कि कांग्रेस फेल हो गया है।

नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर कई संस्थाओं की ओर से एग्जिट पोल जारी कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश, मणिपुर में भाजपा को पूर्ण बहुमत और पंजाब में आम आदमी पार्टी को बहुमत आने की बात कही जा रही है। उत्तराखंड और गोवा को लेकर संशय की स्थिति है। भाजपा नेताओं ने भले ही इन एग्जिट पोल के बारे में कुछ नहीं कहा हो, लेकिन शेष दलों के लोग इसको लेकर सवाल उठा रहे हैं।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश रावत ने कहा कि एग्जिट पोल तो एग्जिट पोल हैं, हम जनता के दिल के भाव को जानते हैं। जनता ने कांग्रेस के पक्ष में परिवर्तन के लिए वोट दिया है। एग्जिट पोल जिन लोगों ने किया है, उसमें ही कितना अंतर है।
भाजपा का दावा है कि उत्तराखंड में उसकी सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी जबकि कांग्रेस ने कहा है कि यहां के लोग बदलाव के मूड में है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अधिकांश एग्जिट पोल ने उत्तराखंड में भाजपा सरकार को दिखाया है, वे संख्या भी कम है, हमारी संख्या अधिक होगी और हम बहुमत की सरकार बनाएंगे। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने राज्य में भाजपा द्वारा किए गए कार्यों का प्रमाण पत्र दिया है।
वहीं, रालोद के जयंत चौधरी का कहना है कि एक राय है, मैं इससे सहमत नहीं हूं। जो उत्साह हमने देखा, परिवर्तन लाने के लिए एक निश्चय लोगों में था। मुझे लगता है सर्वे से अलग नतीजे होंगे। गठबंधन की सरकार बनेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है।
शिवसेना के सांसद संजय राउत ने भी कहा कि एग्ज़िट पोल का अब कोई वजूद नहीं है कई एजेंसियां एग्ज़िट पोल का काम करती है। 10 मांर्च को जब ईवीएम मशीन खुलेगी तब देखेंगे की लोगों ने किसे चुना है।
पांच राज्यों में हुए चुनाव संपन्न हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में चुनाव हुए थे। इन राज्यों के नतीजे 10 मार्च को आएंगे। हालांकि एग्जिट पोल आ चुके हैं। इन चुनावों में सबसे ज्यादा चर्चा उत्तर प्रदेश की रही। सबकी निगाहें इस बात पर भी टिकी है कि आखिर उत्तर प्रदेश में किसकी सरकार बन रही है। एग्जिट पोल की माने तो उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाती दिखाई दे रही है।

Exit mobile version