Home राष्ट्रीय बसवराज बोम्मई कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री

बसवराज बोम्मई कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री

कल तीन बजे बसवराज बोम्मई राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्हें राज्य के गवर्नर थावरचंद गहलोत पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

बेंगलुरु। राजनीतिक घटनाक्रम का पटाक्षेप हो गया। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने तय कर दिया कि कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई होंगे। इससे पहले राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने अपना इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत को सौंप दिया था। उसके बाद भाजपा विधायक दल की बैठक में निर्णय हुआ कि बसवराज बोम्मई नए मुख्यमंत्री होंगे। बोम्मई येदियुप्पा की कैबिनेट में गृह मंत्री रह चुके हैं।

कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री चुने जाने पर बसवराज बोम्मई ने कहा कि मौजूदा स्थिति में ये एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के अनुरूप गरीबों के लिए काम करने की कोशिश करूंगा। मैंने कभी इसकी उम्मीद नहीं की थी। हालांकि मुझे अपनी मेहनत पर भरोसा था और मुझे इसका परिणाम मिला।

येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद की रेस में कई नामों को लेकर कयास लगाए जा रहे थे लेकिन इसमें सबसे आगे लिंगायत विधायकों में बसवराज बोम्मई ही चल रहे थे। बोम्मई को बीएस येदियुरप्पा का करीबी माना जाता है ।

असल में, कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर बीते महीने से कयासों का दौर शुरू हो गया था। विधायकों का एक गुट येदियुरप्पा से असंतुष्ट था। उसने मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। मामला बीते महीने से ही चल रहा था, लेकिन केंद्रीय मंत्रिमंडल के फेरबदल के कारण पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने इसे कुछ दिनों के लिए टाल दिया था। जैसे ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया, उसके बाद येदियुरप्पा को दिल्ली बुलाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मुलाकात की। इसके बाद से ही सियासी गलियारों में चर्चा होने लगे कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री का नया चेहरा होगा।

 

Exit mobile version