केंद्र ने चीन से जुड़े 138 सट्टेबाजी और 94 लोन ऐप को किया ब्लॉक

पिछले साल इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने भारत की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले 54 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया था।

केंद्र ने तत्काल और आपातकालीन आधार पर चीनी लिंक वाले 138 से अधिक सट्टेबाजी और 94 लोन ऐप को ब्लॉक कर दिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने केंद्रीय गृह मंत्रालय की सिफारिशों के आधार पर कार्रवाई की।

यह निर्णय इस बात की पुष्टि के बाद लिया गया कि 138 सट्टेबाजी ऐप्स देश की संप्रभुता और अखंडता के लिए खतरा थी।

बता दें कि पिछले साल मंत्रालय ने भारत की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले 54 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया था। इन ऐप्स में इक्वलाइज़र और बास बूस्टर, Tencent Xriver, Onmyoji Chess और Dual Space Lite शामिल थे। सरकार ने कहा था कि 54 ऐप्स ने कथित तौर पर महत्वपूर्ण परमिशन हासिल कीं और यूजर्स का संवेदनशील डेटा एकत्र किया था।

आईटी मंत्रालय ने एक बयान में कहा था कि डेटा का दुरुपयोग किया जा रहा था और शत्रु देश में सर्वर पर भेजा जा रहा था।

जून 2020 में, सरकार ने 59 ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया था और बाद में 10 अगस्त, 2020 को 47 संबंधित/क्लोनिंग ऐप्स को ब्लॉक कर दिया था। बाद में, 1 सितंबर, 2020 को 118 ऐप्स और उसी वर्ष 19 नवंबर को अन्य 43 ऐप्स को ब्लॉक कर दिया गया था।