Home लाइफस्टाइल Chhath 2022 : महापर्व का है आज दूसरा दिन, व्रती करेंगे आज...

Chhath 2022 : महापर्व का है आज दूसरा दिन, व्रती करेंगे आज खरना

लोक महापर्व छठ का आज दूसरा दिन है। व्रती आज शाम में खरना करेंगे। प्रशासन और पूजा समितियों की ओर से छठ घाटों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

नई दिल्ली। लोक महापर्व छठ का आज दूसरा दिन है। छठ का दूसरा दिन खरना है। इस वर्ष यह 29 अक्टूबर को पड़ रही है। द्रिक पंचांग के अनुसार चतुर्थी प्रातः 08:13 बजे शुरू होगी, पंचमी 30 अक्टूबर को प्रातः 05:49 बजे तथा ब्रह्म मुहूर्त 29 अक्टूबर को प्रातः 05:02 से प्रातः 05:52 तक चलेगा।द्रिक पंचांग के अनुसार खरना के दिन 29 अक्टूबर को सुबह 06:43 बजे सूर्योदय होगा और 29 अक्टूबर को शाम 06:04 बजे सूर्यास्त होगा।

खरना वाले दिन दूध और गंगाजल, गुड़ एवं अरवा चावल मिलाकर खीर बनाई जाती है। चीनी की अपेक्षा गुड़ को ज्यादा शुद्ध माना जाता है। पिसा हुआ गेहूं के आटे की रोटी बनती है। सभी प्रसाद आम की लकड़ी की आग पर बनाया जाता है। छठ व्रती पूरे दिन उपवास कर शाम में गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाती हैं। शाम में सूर्य अस्त होने के बाद जैसे ही अंधेरा होता है उस वक्त भगवान भास्कर और छठी मां की पूजा करते हैं। खरना की पूजा पर पहले भगवान को अलग से प्रसाद चढ़ाया जाता है जो केले के पत्ते पर रखना शुभ माना जाता है।

राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौर ने कहा कि छठ को लेकर नगर निगम ने 62 स्थान तय किए हैं। इस स्थान पर(हिंडन घाट) सफाई कर्मचारी 24 घंटे मौजूद हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस की 4 मोबाइल टीमें यहां पर रहेंगी। यहां 27 CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं।

छठ पर्व को लेकर शहर, कस्बों और गांवों तक छोटी-बड़ी दुकानें सज गई हैं। कई अस्थायी दुकानें भी खुल गई हैं, जहां पूजा के सामान बिक रहे हैं। बांस की बनी सूप, डाला, मिट्टी के दीए, हल्दी के गांठ लगे पौधे, मूली, अड़वी, सूथनी, अदरक, तरह-तरह के फल से बाजार पट गए हैं। जिनके घर छठ होना है, वहां तैयारी शुरू हो चुकी है।

छठी मईया के गीतों से वाराणसी के घाट गूंजने लगे हैं। गीत गवनई संग काशी के घाट पर खास तौर पर छठ पर्व मनाया जा रहा है। वाराणसी के 80 घाट पर भोजपुरी गायकों ने ढोल तबला और हार्मोनियम के साथ छठी मईया के गीतों से घाट की रौनक बढ़ाई।  छठ पूजा को देखते हुए लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में तैयारियां की जा रही हैं।

मुंबई में छठ पूजा का कार्यक्रम 28 से 31 अक्टूबर के बीच 81 जगहों पर होने वाला है। 30 को रविवार होने की वजह से मुंबई में काफी भीड़ होने की संभावना है खासतौर से जुहू-चौपाटी इलाके में जिसके लिए हमने पर्याप्त बंदोबस्त किया है। विश्वास नांगरे पाटिल, संयुक्त CP, मुंबई पुलिस का कहना है कि 31 अक्टूबर को हाई टाइड भी है इसलिए सुरक्षा को देखते हुए हम लाइफ गार्ड लगा रहे हैं। छठ पूजा के दिन महिलाओं की भीड़ को देखते हुए और उनकी सुरक्षा के लिए हम बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी और अधिकारियों को लगा रहे हैं।

Exit mobile version