Chhatisgarh News : छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा, राजनीतिक शोर हो रहा है अधिक

जशपुर के पत्थलगांव की घटना में दोनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और वे छत्तीसगढ़ से जा रहे थे। उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर। विजयादशमी के दिन एक आयोजन में दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज आती गाड़ी ने कई लोगों को कुचल दिया। छत्तीसगढ़ के जशपुर में पर एक तेजगति कार ने कई लोगों को कुचल दिया है। हादसे में गौरव अग्रवाल नाम के शख्स की मौत हो गई है। वहीं हादसे में 12 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को रायगढ़ भेजा गया है। गुस्साए लोगों ने कार ड्राइवर की जमकर पिटाई की है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया है। जशपुर की घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बहुत दर्दनाक घटना है। सरकार की ओर से अपराधियों को पकड़ लिया गया है, वहां तैनात एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। एसपी, कलेक्टर और क्षेत्रीय विधायक वहां (घटनास्थल पर) पहुंच गए हैं और लोगों से बात कर रहे हैं।

जशपुर ज़िले के पत्थलगांव में दुर्गा विसर्जन के दौरान एक तेज़ रफ्तार कार ने लोगों को कुचला। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने बताया, ” एक की मौत हुई है और 16 लोग भर्ती हैं इसमें दो लोगों को एक्सरे में फ्रैक्चर का पता चला है उन्हें दूसरे अस्पताल भेजा जा रहा है।”

इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि पत्थलगांव की घटना दिल दहला देने वाली है। एक गांजा तस्कर की गाड़ी पीछे से आती है और विसर्जन के जुलूस को रौंदते हुए निकल जाती है। 16 लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं और एक की मौत होती है। कोई पुलिसकर्मी वहां पर नहीं दिखता जबकि वहां रूट डायवर्ट किया जाना चाहिए। ये सीधा लापरवाही है, असामाजिक तत्वों का हौसला छत्तीसगढ़ में बढ़ता जा रहा है। CM लखीमपुर जा सकते हैं तो यहां जाकर भी लोगों की पीड़ा सुननी चाहिए। मृतक परिवार को 50 लाख और घायलों को 10 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराएं। पुलिस अधीक्षक को तत्काल हटा दें।

वही, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बयान जारी किया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य के जनपद जशपुर में एक धार्मिक जुलूस पर अनियंत्रित वाहन द्वारा लोगों को कुचले जाने की दुर्घटना में हुई लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना की है।मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार से घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने और पीड़ितों को हर सम्भव मदद प्रदान करने की अपेक्षा की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

इस घटना के संबंध में जशपुर के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि जशपुर के पत्थलगांव की घटना में दोनों आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। घटना के बाद ASI के.के. साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस घटना में धारा 302 और 304 में मामला दर्ज़ किया जाएगा।