Home पॉलिटिक्स CM Kejriwal Said, पंजाब में आप की बनी सरकार तो रेत की...

CM Kejriwal Said, पंजाब में आप की बनी सरकार तो रेत की चोरी का पैसा महिलाओं की जेब में

‘केजरीवाल गारंटी’’ के तहत पंजाब में हजार रुपए प्रतिमाह लेने की इच्छुक महिलाओं के लिए आम आदमी पार्टी ने आज सराय खास गांव से रजिस्ट्रेशन अभियान की शुरूआत कर दी है। इस मौके पर मौजूद ‘आप’ संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद पहला रजिस्ट्रेशन फार्म भरे और कहा कि रजिस्टर्ड महिलाओं को आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद हजार-हजार रुपए दिए जाएंगे।


नई दिल्ली।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल इन दिनों पंजाब विधानसभा चुनाव पर अधिक फोकस कर रहे हैं। पंजाब में उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और उनकी आर्थिक हालात को सुधारने के लिए कई योजनाओं की बात की है। अपने हर दौरे में वो पंजाब की जनता को दिल्ली सरकार की कामयाबी की कहानी सुनाते हैं और ऐसा ही पंजाब में आप की सरकार बनने पर करने का आश्वासन देते हैं।

पंजाब दौरे पर आए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘हर महिला को हजार-हजार रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी’ के तहत सराय खास गांव से शुरू हुए रजिस्ट्रेशन अभियान के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं दिल्ली से आया हूं। दिल्ली का मुख्यमंत्री हूं। दिल्ली में सरकार चलाते हुए सात साल हो गए। सात साल में हम लोगों ने दिल्ली में बहुत काम किए। दिल्ली और पंजाब में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। पंजाब के बहुत सारे लोग दिल्ली जाते रहते हैं और दिल्ली के बहुत सारे लोग पंजाब आते रहते हैं। पंजाब के बहुत सारे लोगों की रिश्तेदारियां दिल्ली में हैं। आप लोगों ने खुद भी सुना होगा कि दिल्ली में सरकारी स्कूल पहले बहुत खराब होते थे। जैसे पंजाब के सरकारी स्कूल आज बहुत खराब हैं, वैसे ही दिल्ली के भी सरकारी स्कूल बहुत खराब होते थे। पिछले सात साल में दिल्ली के सरकारी स्कूल शानदार कर दिए। मैं पंजाब के लोगों से पूछना चाहता हूं कि पंजाब के सरकारी स्कूल शानदार होने चाहिए या नहीं। दिल्ली की तरह हम पंजाब में भी करेंगे।

आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुझे बड़ी खुशी है कि महिलाओं को हम जो हजार-हजार रुपए प्रतिमाह दे रहे हैं, इसका आज सराख खास गांव से रजिस्ट्रेशन चालू हो रहा है। जो-जो महिला कहेगी कि हमें हजार रुपए चाहिए, उनका हम रजिस्ट्रेशन कर लेंगे और सरकार बनने के बाद उन सब महिलाओं को हजार-हजार रुपए दिया जाएगा। यह कैप्टन का कार्ड नहीं है, यह केजरीवाल की गारंटी है। आप इसे कैप्टन का कार्ड मत समझ लेना, जो पिछली बार उन्होंने दिया था। केजरीवाल जो कहता है, वह करता है। मैं झूठ नहीं बोलता। मैं बहुत सोच समझ कर कहता हूं और जो कहता हूं वो करता हूं। इसके बाद पंजाब के हर पिंड, मोहल्ले, वार्ड और शहर में रजिस्ट्रेशन चालू होगा। अगले कुछ दिनों के अंदर हम हर घर के अंदर जाएंगे। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब समेत हमारे देश की महिलाएं बहुत मेहनती हैं। महिलाएं घर संभालती हैं। बहुत सारी महिलाएं बाहर भी काम करती हैं और खेतों में भी काम करती हैं। कई महिलाएं दफ्तरों में भी जाती हैं। हमारी बेटियां इतना मन लगाकर पढ़ाई करती हैं और घर का भी काम करती हैं। इसके बाद भी ये कहते हैं कि हजार-हजार रुपए देने से हमारी महिलाएं कामचोर हो जाएंगी। तुमने हजारों-करोड़ों रुपए डकार कर आलसी नही हुए। अभी और डकार रहे हो। हमारी महिलाएं हजार रुपए लेने से आलसी कैसे हो जाएंगी? मैं पूरे पंजाब की महिलाओं से विनती करना चाहता हूं कि उनके इलाके में हमारे कार्यकर्ता रजिस्ट्रेशन करने के लिए आएंगे। आप ज्यादा से ज्यादा संख्या में रजिस्ट्रेशन कराएं। जो भी महिलाएं चाहती हैं कि उनको हजार रुपए मिले, वो सब लोग रजिस्ट्रेशन कराएं। अगले कुछ महीनों में पंजाब में लाखों महिलाओं का रजिस्ट्रेशन होने वाला है।

Exit mobile version