रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि कांग्रेस ने भारतीय राजनीति में ‘’सबसे ज्यादा विश्वसनीयता का संकट’’ खड़ा कर दिया है क्योंकि पार्टी द्वारा किए गए वादों और उनके क्रियान्वयन में काफी अंतर है।
गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए एक दिसंबर को होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि जहां कांग्रेस अपने अस्तित्व के लिए चुनाव लड़ रही है, वहीं आम आदमी पार्टी (आप) अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की दौड़ में है।
उन्होंने आगे कहा कि “यह भाजपा ही है जो कई राजनीतिक विश्लेषकों की भविष्यवाणी के अनुसार गुजरात में 182 सीटों में से दो-तिहाई से अधिक सीटें जीतेगी। बीजेपी में लोगों का भरोसा वर्षों से बढ़ा है और भगवा पार्टी पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ देगी और सत्ता बरकरार रखेगी।“
सिंह ने कहा कि भारत कई साल पहले दुनिया का सबसे मजबूत देश बन गया होता अगर कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए लोगों से किए गए वादों को पूरा किया होता।