Home राष्ट्रीय COVID19 Alert : पश्चिम बंगाल में बढ़ा दी गई सख्ती, मानो हो...

COVID19 Alert : पश्चिम बंगाल में बढ़ा दी गई सख्ती, मानो हो गया लॉकडाउन

पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी शैक्षणिक संस्थाओं को बंद करने की घोषणा की, कार्यालयों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की अनुमति, पूर्वाह्न 10 बजे से शाम पांच बजे तक केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण राज्य सरकार ने कई प्रकार की सख्ती बढ़ा दी है। घरेलू हवाई उड़ान को भी आंशिक रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में दिल्ली और मुंबई से आने वाले हवाई उड़ान को सप्ताह में केवल दो दिन के लिए अनुमति दी जाएगी। पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव एचके द्विवेदी ने कहा है कि राज्य में कल से सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, स्पा, सैलून, ब्यूटी पार्लर, चिड़ियाघर और मनोरंजन पार्क बंद रहेंगे। सभी सरकारी और निजी कार्यालय 50% क्षमता के साथ 03 जनवरी सोमवार से संचालित होंगे। वहीं सभी प्रशासनिक बैठकें वर्चुअल मोड के माध्यम से आयोजित की जाएंगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव एचके द्विवेदी ने कहा पश्चिम बंगाल पांच जनवरी से दिल्ली और मुंबई से सप्ताह में केवल दो बार उड़ानें संचालित करेगा, जो सोमवार और शुक्रवार को होगी। राज्य सरकार ने रविवार को कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित दिल्ली और मुंबई के लिए हवाई उड़ानों को सीमित कर दिया है।

पश्चिम बंगाल सरकार ने गुरुवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर कोलकाता और लंदन के बीच सीधी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला लिया था। राज्य सरकार की हाई लेवल मीटिंग के बाद यह निर्णय लिया गया था।

Exit mobile version