Home राष्ट्रीय COVID19 Update : देश में एक्टिव केस 8 लाख के पार, दिल्ली...

COVID19 Update : देश में एक्टिव केस 8 लाख के पार, दिल्ली में पॉजिटिवटी रेट 25 प्रतिशत

भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1,68,063 नए मामले आए, 69,959 रिकवरी हुईं और 277 लोगों की कोरोना से मौत हुई। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज दोपहर 12 बजे कोरोना वायरस पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

नई दिल्ली। कोरोना की तीसरी लहर अपने चरम पर जा रही है। देश में एक्टिव केसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राजधानी दिल्ली में भी स्थिति विकराल रूप धारण कर चुकी है। मंगलवार को जारी केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1,68,063 नए मामले सामने आए हैं। वहीं इस दौरान एक दिन में 69 हजार 959 मरीज कोविड-19 से ठीक हो गए हैं। बीते 24 घंटों में कोरोना से 277 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 8 लाख के पार चली गई है। वर्तमान में भारत में कोविड-19 एक्टिव केसों की संख्या 8 लाख 21 हजार 446 है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में ओमिक्रॉन के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 4 हजार 461 हो गई है, जिसमें से 1 हजार 711 ​मरीज डिस्चार्ज हो गए हैं। देश में कोरोना वायरस का दैनिक पॉजिटिविटी रेट अब 10.64 फीसदी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक भारत में 10 जनवरी को 15 लाख से अधिक कोरोना के सैंपल टेस्ट किए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के लिए 15,79,928 सैंपल टेस्ट किए गए हैं। वहीं अब तक देश में कुल 69,31,55,280 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

दिल्ली में अब तक 15,68,896 लोग COVID-19 संक्रमण से संक्रमित हो चुके हैं। स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी और कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि, अभी लॉकडाउन नहीं लगेगा, लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार दोपहर 12 बजे COVID-19 की स्थिति पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान कुछ और प्रतिबंध बढ़ाए जा सकते हैं। दिल्ली में सोमवार को एक दिन में कोरोना के 19,166 नए केस सामने आए और 17 और मौतों के साथ पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 25 प्रतिशत हो गया, जो पिछले साल चार मई के बाद सबसे अधिक है। दिल्ली में रविवार को भी 17 लोगों की कोविड की मौत हो गई थी। केवल 10 दिनों में, दिल्ली में 70 कोविड मौतें दर्ज की गई हैं। रविवार को दर्ज किए गए 22,752 नए मामले पिछले साल 1 मई के बाद से सबसे अधिक थे, जब शहर में 31.61 प्रतिशत की पॉजिटिविटी रेट के साथ 25,219 केस सामने आए थे।

Exit mobile version