Home स्वास्थ्य COVID19 Update : देश में नहीं है वैक्सीन की कमी, राज्यों के...

COVID19 Update : देश में नहीं है वैक्सीन की कमी, राज्यों के पास है पर्याप्त वैक्सीन

21 जून से टीकाकरण कवरेज के विस्तार के साथ सरकार सभी को मुफ्त टीकाकरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। टीकाकरण के लिए अब ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होगी।

नई दिल्ली। 21 जून को देश में कोविड वैक्सीनेशन में और तेजी आएगी। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी इस दिन से पूरे देश के लिए निशुल्क कोविड वैक्सीन देने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। वहीं, शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 टीके की 2.87 करोड़ से अधिक खुराक अब भी मौजूद हैं तथा उन्हें अगले तीन दिन में 52.26 लाख से अधिक खुराक और मिल जाएंगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के जरिए और केंद्र की ओर से मुफ्त मुहैया कराई गई खुराकों के जरिए कुल 28,50,99,130 खुराक मुहैया कराई गई हैं, जिनमें से 25,63,28,045 खुराक की खपत हो चुकी है। इनमें बर्बाद हुई खुराक भी शामिल हैं। राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी 2,87,71,085 खुराक हैं। इसके अलावा 52,26,460 से अधिक खुराक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को आगामी तीन दिन में मुहैया कराई जाएंगी।

बता दें कि भारत में #COVID19 के 60,753 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,98,23,546 हुई। 1,647 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 3,85,137 हो गई है। 97,743 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,86,78,390 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 7,60,019 है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 33,00,085 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 27,23,88,783 हुआ।

 

Exit mobile version