क्रायोप्रिजर्वेशन: अमर बनने की चाह में अमीर लोग भविष्य के लिए फ्रीज करवा रहे हैं अपने शव

 

नई दिल्ली। अमेरिका की एक आधुनिक क्रायोनिक्स कंपनी Alcor Life Extension Foundation ऐसे अमीर लोगों के शवों को संरक्षित कर रही है जो चाहते हैं कि भविष्य में जब तकनीक इतनी उन्नत हो जाए कि मृत शरीर को फिर से जीवित किया जा सके, तो वे दोबारा इस दुनिया में लौट सकें।

इस प्रक्रिया को क्रायोप्रिजर्वेशन कहा जाता है, जिसमें शवों को -196 डिग्री सेल्सियस पर लिक्विड नाइट्रोजन में स्टोर किया जाता है। इस तकनीक में शरीर के खून को एक विशेष द्रव “क्रायोप्रोटेक्टेंट” से बदला जाता है ताकि जमने पर बर्फ के क्रिस्टल शरीर को नुकसान न पहुंचाएं।

अब तक इस लैब में अमेरिका में 230 और पूरी दुनिया में करीब 500 शव सुरक्षित किए जा चुके हैं। कंपनी में करीब 1400 लोग कार्यरत हैं। पूरे शरीर को संरक्षित करने का खर्च लगभग 1.8 करोड़ रुपये है, जबकि केवल मस्तिष्क को संरक्षित करवाने में लगभग 66 लाख रुपये लगते हैं।

इन अमीरों को विश्वास है कि आने वाले वर्षों या सदियों में विज्ञान इतना विकसित हो जाएगा कि वे फिर से जीवित होकर इस दुनिया को देख सकेंगे।