Home पॉलिटिक्स CWC Meeting : बागी नेताओं को सोनिया गांधी की खरी-खरी, मैं ही...

CWC Meeting : बागी नेताओं को सोनिया गांधी की खरी-खरी, मैं ही हूं बॉस

कई नेता कांग्रेस छोड़ चुके हैं। कई राज्यों में सत्ता परिवर्तन के लिए पार्टी के नेता दबाव बना रहे हैं। बागी नेताओं का एक गुट पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग लंबे समय से कर रहा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सोनिया गांधी ने साफ कर दिया कि वे ही पूर्णकालिक अध्यक्ष हैं। किसी को किसी प्रकार की शंका नहीं होनी चाहिए।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तमाम बागी नेताओं को सख्त संदेश दिया है। परोक्ष रूप से यह बता दिया कि कोई उन्हें हल्क में न लें। प्रत्येक निर्णय में उनकी सहमति आवश्यक है। पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग कर रहे उन कांग्रेस नेताओं को भी बगैर नाम लिए सोनिया गांधी ने यह कहकर जवाब दे दिया कि कांग्रेस की परमानेंट अध्यक्ष वही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष और संगठन में चुनाव के मद्देनजर हो रही इस बैठक में सोनिया गांधी ने अपनी शुरुआती टिप्पणी में कहा कि कांग्रेस का हर सदस्य चाहता है कि पार्टी का पुनरुद्धार हो लेकिन इसके लिए एकता और पार्टी के हितों को सर्वोच्च रखने की जरूरत है। उन्होंने पार्टी नेताओं को आत्म-नियंत्रण और अनुशासन का ख्याल रखने को भी कहा।

कार्यसमिति को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के न केवल सामरिक और आर्थिक उद्देश्य रहे हैं बल्कि इसके सामाजिक लक्ष्य भी हैं। लेकिन ये सब मोदी सरकार के बेचो, बेचो, बेचो के सिंगल-पॉइंट एजेंडे के चलते ख़तरे में है। हाल ही में, लखीमपुर-खीरी की भयावह घटना ने भाजपाई मानसिकता को उजागार किया है कि वो किसान आंदोलन को कैसे देखती है, किसानों द्वारा अपने जीवन और आजीविका की रक्षा के लिए इस दृढ़ संघर्ष से कैसे निपटती है।

इससे पहले दिल्ली में कांग्रेस दफ़्तर में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी मौज़ूद दिखें। वर्तमान राजनीतिक स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव और संगठनात्मक चुनावों पर चर्चा के लिए आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हो रही बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी और कई अन्य नेता शामिल हैं। ैं। कांग्रेस कार्य समिति की बैठक इस मायने में भी अहम है कि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव लंबे समय से लंबित है। कुछ महीने पहले कोरोना वायरस महामारी के कारण अध्यक्ष के चुनाव को स्थगित कर दिया गया था, जो पहले जून महीने में प्रस्तावित था।

बागी नेताओं के समूह ‘जी-23’ गुट पर परोक्ष निशाना साधते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि मैं एक पूर्णकालिक और व्यावहारिक कांग्रेस अध्यक्ष हूं। मैंने हमेशा स्पष्टता की सराहना की है, मीडिया के माध्यम से मुझसे बात करने की कोई आवश्यकता नहीं है; आइए हम सभी ईमानदार चर्चा करें।

Exit mobile version