CycloneYaas की लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी

यास तूफान की वजह से बंगाल, ओडिशा और बिहार समेत झारखंड के मौसम पर भी असर पड़ा है। ओडिशा और बंगाल में कई जगहों पर लगतार बारिश हो रही है।

नई दिल्ली। भद्रक ज़िले के धामरा में तेज हवाएं और बारिश की वजह से समुद्र का पानी बढ़ा। पानी बढ़ने की वजह से रिहायशी इलाकों में पानी घुसा। मौसम विभाग के अनुसार, #CycloneYaas की लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। इसे पूरा होने में करीब 3 घंटे का समय लगेगा। पूर्व मेदिनीपुर ज़िले के दीघा में तेज़ हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं।

भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि भीषण चक्रवाती तूफान यास बालासोर (ओडिशा) से लगभग 50 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व में केंद्रित। लैंडफॉल की प्रक्रिया सुबह लगभग 9 बजे शुरू हुई। कोलकाता में सुबह-सुबह बारिश हुई। कई जगहों पर सड़कों पर पानी जम गया। यश चक्रवात की वजह से यह बारिश हो रही है।

बता दें कि मंगलवार की शाम को यास भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। इसके चलते पश्चिम बंगाल और ओडिशा सरकार ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जोखिम वाले क्षेत्रों से 12 लाख से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

आईएमडी (IMD) का अनुमान है कि ओडिशा के धामरा पोस्ट के पूर्व और बालासोर जिले के दक्षिण में लैंडफॉल करेगा। बिहार और झारखंड में भी इस तूफान का असर देखा जा रहा है। कई जिलों में कल से ही आंधी तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं हो रही हैं। पूर्वी मेदिनीपुर में जलस्तर बढ़ने की वजह से 32 लोग फंस गये। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सेना के एक कॉलम को उतारा गया है। यश के ओड़िशा के धामरा में दस्तक देने की बात कही गयी है। मौसम विभाग ने बंगाल और ओड़िशा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

भारतीय सेना (Indian Army) ने कहा कि चक्रवात के प्रभाव से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। पश्चिम बंगाल सरकार के साथ समन्वय बैठाया गया है। जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सहायता पहुंचायी जायेगी। राहत बचाव दल पहले से ही तैयार हैं।