Home क्राइम Delhi News : रविवार को दिल्ली में हुआ हादसा, गैस सिलेंडर फटने...

Delhi News : रविवार को दिल्ली में हुआ हादसा, गैस सिलेंडर फटने से 17 लोग हुए घायल

दिल्ली में रविवार सुबह एक झोपड़ी में एलपीजी सिलेंडर में आग लगने के बाद उसमें विस्फोट होने से 17 लोग झुलस गए। पुलिस के अनुसार विस्फोट के कारण पांच घर क्षतिग्रस्त हो गए। 16 लोगों को मामूली चोटें आईं हैं जबकि गंभीर रूप से झुलसे एक व्यक्ति को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नई दिल्ली। रविवार की सुबह आजादपुर के कुछ लोगों के लिए दुखद समाचार लेकर आया। यहां रसोई गैस सिलेंडर फटने से 17 लोग घायल हुए है। खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घायलों का उपचार किया जा रहा है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा, ‘‘घटना की सूचना मिलने पर हमने तुरंत दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर रवाना किया, 25 गज की एक झोपड़ी में एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट हुआ था, जिसके कारण पांच लोग झुलस गए। दमकलकर्मियों ने थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया।’’ अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा आजादपुर के लाल बाग इलाके में हुआ। दमकल विभाग को आग लगने की सूचना सुबह करीब 10 बजे मिली। अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में अब तक किसी के मरने की कोई सूचना नहीं है।

उत्तर-पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने कहा, ‘‘आदर्श नगर पुलिस थाने में सुबह करीब 10.08 बजे एक पीसीआर कॉल आई थी, जिसमें लालबाग मस्जिद, आजादपुर के पास एक घर में सिलेंडर फटने से आग लगने की घटना की जानकारी मिली। पुलिस को पांच लोगों के घायल होने की जानकारी मिली थी।’’ पुलिस अधिकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला कि पप्पू कुमार नामक एक व्यक्ति इमारत की तीसरी मंजिल पर अपने घर में गैस सिलेंडर बदल रहा था और इसी दौरान उसका एलपीजी सिलेंडर फट गया और उसके घर की छत और दीवारें गिर गईं। इसकी चपेट में आने से दूसरी मंजिल के चार अन्य मकान भी गिर गए।

Exit mobile version