Delhi News : जनता की जान की नहीं है मेयर को परवाह, आप ने मांगा उनका इस्तीफा

एलओपी विकास गोयल ने थाने में लिखित तौर पर इसकी शिकायत दर्द कराई है। साथ ही साथ हम दिल्ली सरकार का धन्यवाद करना चाहते हैं कि उन्होंने इसपर बहुत ही गंभीरता से फैसला लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। यह जो भवन है, यह तिमारपुर विधानसभा वॉर्ड के जीटीबी नगर के अंदर आता है। और नॉर्थ एमसीडी के मेयर राजा इकबाल सिंह जीटीबी नगर वॉर्ड से पार्षद हैं।

नई दिल्ली। राजन बाबू अस्पताल की जर्जर इमारत पर आम आदमी पार्टी ने नॉर्थ एमसीडी के मेयर राजा इकबाल सिंह का इस्तीफा मांगा है। ‘आप’ ने कहा कि राजा इकबाल सिंह को नैतिकता के आधार पर तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए। मेयर राजा इकबाल सिंह बताएं कि अगर आप अपने वॉर्ड के अंतर्गत आने वाले राजन बाबू अस्पताल की देखभाल नहीं कर पा रहे हैं तो पूरी नॉर्थ एमसीडी की देखभाल कैसे करेंगे। खुद भाजपा की स्टैंडिंग कमेटी ने माना इमारत खतरनाक फिर भी मरीजों का इलाज जारी, लेकिन मेयर राजा इकबाल सिंह झूठी बयानबाजी में व्यस्त। आम आदमा पार्टी के नेताओं ने कहा कि इससे पहले एमसीडी के अंतर्गत करोलबाग के अर्पित होटल हादसे में 17 मासूमों की, शास्त्री पार्क में एक इमारत गिरने से 67 लोगों की, चांदनी चौक में एक इमारत गिरने से 2 लोगों की, सावन पार्क हादसे में 7 लोगों की और 2021 में मलकागंज में इमारत गिरने से 2 मासूम बच्चों की जान चली गई। हम भाजपा के नेताओं, मेयर और अध्यक्ष आदेश गुप्ता को चुनौती देते हैं कि साथ चलकर अस्पताल देखें, दिल्ली की जनता को वास्तविकता पता चल जाएगी कि कौन झूठ बोल रहा है।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष विकास गोयल ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैंने और ‘आप’ विधायक आतिशी जी ने जब आरबीटीबी अस्पताल का दौरा किया तो हमने पूरे सिलसिलेवार तरीके से वीडियो में दिखाया था कि कैसे पूरी इमारत चारो तरफ जर्जर हो चुकी है। इस बारे में खुद निगम प्रशासन द्वारा जगह-जगह सूचना बोर्ड भी लगाए हुए हैं। इसके बावजूद वहां मरीजों का इलाज जारी है। हमने मरीजों से बात भी की। ग्राउंड फ्लोर से लेकर टॉप फ्लोर तक सभी का एक-एक विजुअल अच्छे से दिखाया। हर फ्लोर पर वहां मरीजों का इलाज चल रहा है। छत गिर न जाए इसके लिए वहां लकड़ी का सहारा लिया गया है। दिवारों पर पौधे उग आए हैं। यह सारा नज़ारा हमने मीडिया और दिल्ली की जनता के सामने रखा।

शाम को मुखर्जी नगर थाने में लिखित में शिकायत भी दी कि भवन को खाली कराया जाए और मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए। लेकिन बड़े ही दुर्भाग्य की बात है कि भाजपा के नेताओं और मेयर पर इसका कोई असर नहीं हुआ। वह लोग अपने दफ्तर में बैठकर तीन दिनों से लगातार सिर्फ झूठी बयानबाजी कर रहे हैं। उनका एक नेता अस्पताल की वास्तविकता देखने नहीं गया। मेरे पास कई मीडियावालों का फोन आया कि उन्हें भवन में घुसने नहीं दिया जा रहा है। स्पष्ट है कि एमसीडी में शासित भाजपा सच्चाई छुपाने की कोशिश कर रही है।
जबसे भाजपा एमसीडी में शासित है यह पहली बार नहीं है जब ऐसा कोई मामला सामने आया है। आपको ध्यान होगा कि करोलबाग के अर्पित होटल में एक हादसा हुआ था, जिसमें 17 मासूम लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद सितंबर 2010 में शास्त्री पार्क में एक इमारत गिरने से 67 लोगों की मौत हो गई। एक हादसा अप्रेल 2016 में चांदनी चौक में हुआ था जहां इमारत गिरने से 2 लोगों की जान चली गई थी। कम से कम 30-40 दुकानें तबाह हो गई थीं। 2018 में सावन पार्क में हादसा हुआ जिसमें 7 लोगों की जान चली गई। 2021 में मलकागंज में इमारत गिरने से 2 मासूम बच्चों की जान चली गई। ऐसे सैंकड़ों उदाहरण हैं, जहां एमसीडी के जर्जर भवन गिर गए और कई मासूमों की जान चली गई। लेकिन एमसीडी में बैठे भाजपा के नेता सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार में व्यस्त रहते हैं।

कल राजा इकबाल सिंह ने अपने बयान में जो कहा कि जर्जर वॉर्डों में मरीजों का इलाज नहीं चल रहा है। जिस दिन मैंने और आतिशी जी ने दौरा किया उस दिन ही भाजपा को चूनौती दी थी। और आज भी मैं भाजपा के नेताओं, मेयर राजा इकबाल सिंह, अध्यक्ष आदेश गुप्ता जी को चुनौती देता हूं कि आप अपने अनुसार समय रखिए, हम साथ में राजन बाबू अस्पताल जाएंगे। आप साथ चलिए, दिल्ली की जनता को वास्तविकता पता चल जाएगी कि कौन झूठ बोल रहा है। कौन लोगों की ज़िंदगी के साथ खेल रहा है। भाजपा के नेता सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार में मशगूल हैं। उन्हें दिखाई नहीं दे रहा है कि जर्जर इमारत में मरीजों का इलाज चल रहा है, कहीं कोई हादसा हो गया तो सैंकड़ों लोगों की जान चली जाएगी। और इसके लिए सिर्फ और सिर्फ भाजपा जिम्मेदार होगी।

आम आदमी पार्टी नेता आदिल खान ने कहा कि पिछले 15 सालों से एमसीडी में भारतीय जनता पार्टी का शासन है। इन 15 सालों में भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली को सिर्फ दो तोहफे दिए हैं। एक कूड़ा और दूसरा भ्रष्टाचार है। आप सबने देखा कि पिछले दिनों हमारी वरिष्ठ नेता आतिशी जी और नॉर्थ एमसीडी के एलओपी विकास गोयल ने राजन बाबू अस्पताल का दौरा किया था। और बड़े विस्तार पूर्वक दिखाया था कि किस तरीके से भाजपा भ्रष्टाचार में लिप्त है। किस तरह से भाजपा एक जर्जर इमारत में, जिसमें खुद एमसीडी ने ही जगह-जगह बोर्ड लगा रखा है कि यह भवन जर्जर है और कभी भी गिर सकता है, उसमें मरीजों को मरने के लिए छोड़ दिया है।