Home राष्ट्रीय Delhi News : राजधानी दिल्ली में बारिश से खुली नगर निगम और...

Delhi News : राजधानी दिल्ली में बारिश से खुली नगर निगम और दिल्ली सरकार की पोल

दिल्ली की कई कॉलोनियों में नालियां बंद पड़ी हैं। आम जनता का गुस्सा निगम पार्षदों के प्रति है, क्योंकि हाल के दिनों में सफाई नहीं होती है। आम जनता का यह भी कहना है कि अगले साल निगम चुनाव होने हैं, जिन निगम पार्षदों ने काम नहीं किया है, उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में रविवार से जारी बारिश सोमवार को भी जारी रही। सोमवार की सुबह लोगों को अपने कार्यस्थलों तक पहुंचने में देरी हुई। कई स्थानों से जलभराव की खबरें आईं। गाजीपुर सब्जी मंडी का हाल बेहद बुरा रहा है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने सोमवार को सुबह ट्वीट किया, ‘‘ जलभराव के कारण पुल प्रहलादपुर अंडरपास और एमबी रोड बंद है। इस सड़क से गुजरने वाले लोग, महरौली मथुरा रोड अंडरपास, सरिता विहार फ्लाईओवर या मोदी मिल फ्लाईओवर की ओर जाने वाले वैकल्पिक मार्ग ले सकते हैं। बदरपुर के लिए भी वैकल्पिक मार्ग ले सकते हैं।’’


मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक 87.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई स्थानों में जलभराव की समस्या हो गई। गाजीपुर सब्जी मंडी के विक्रेताओं ने कहा कि यहां पूरे परिसर और रास्तों पर जलभराव की समस्या है। ऐसा नहीं है कि ये पहली बार हुआ है। जब भी बारिश होती है, हम लोगों को ऐसी ही परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहां बगल में कहने को बड़ी नालियां तो हैं, लेकिन उसकी सफाई हो तो पानी निकास सही तरीके से हो।

केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह साढ़े नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 325 रहा। गुरूग्राम अैर नोएडा में एक्यूआई क्रमश: 343 और 302 रहा। एक्यूआई को शून्य और 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। अधिकतम तापमान के 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, हवा में आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत रहा।

Exit mobile version