Delhi News : मजदूरों को दिल्ली सरकार ने दिया तोहफा, इनको बस में अब नहीं लेना होगा टिकट

नई दिल्ली। मजदूर दिवस के दिन दिल्ली सरकार की ओर से कहा गया था कि मजदूरों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। उनके लिए कई प्रकार की सुविधा दिल्ली सरकार देगी। बुधवार को दिल्ली सरकार की ओर निर्णय लिया गया कि जो मजदूर भवन निर्माण आदि कार्य में लगे हुए हैं, उन्हें दिल्ली परिवहन निगम की बसें और क्लस्टर बसों में आने जाने का टिकट नहीं लेना होगा।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि हमने आज महत्वपूर्ण फैसला लिया है। दिल्ली में निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मज़दूरों को आने जाने के लिए पैसा न खर्च करना पड़े इसके लिए सबको मुफ्त बस पास की सुविधा दी जा रही है। दिल्ली में निर्माण श्रमिकों के लिए आज मुफ़्त बस पास योजना शुरू की गई। निर्माण स्थल पर काम कर रहे बेलदार, मिस्त्री, बढ़ई, इलेक्ट्रिशन, गार्ड व अन्य मज़दूर इसका लाभ उठा सकते हैं।प्रयास है कि मजदूरों की अधिकतम सहायता की जाए। ये दिल्ली के निर्माता है।

दिल्ली सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आम आदमी पार्टी के टे्ड विंग के दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष अजय बंसल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और दिल्ली कैबिनेट के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की यही खासियत है कि जनता के हित के लिए जो भी वादे किए जाते हैं, उसको पूरा किया जा रहा है। दिल्ली और पंजाब में जनहित से जुड़े कई और निर्णय लिए जाएंगे।