Home क्राइम दिल्ली पुलिस की कामयाबी, लाल किले का आरोपी दीप सिद्धू हुआ गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की कामयाबी, लाल किले का आरोपी दीप सिद्धू हुआ गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने 26 जनवरी को लाल किले और दिल्ली के अन्य जगहों में हिंसा फैलाने वाले मुख्य आरोपी दीप सिद्धू को गिरफ्तार किया है। उनकी तस्वीरें पब्लिक डोमेन में हैं। हमने इसकी गिरफ्तारी पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने कामयाबी हासिल कर ली। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को लाल किले पर तिरंगे का अपमान करने का आरोपी दीप सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस की ओर से मंगलवार को यह जानकारी साझा की गई।

दिल्ली पुलिस के पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) संजीव कुमार यादव ने कहा कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने यह गिरफ्तारी की। संजीव कुमार यादव ने कहा कि कल रात 10ः30 बजे एक सूचना के आधार पर करनाल के पास से इसको(दीप सिद्धू) पकड़ा गया। इसे अभी हम कोर्ट में पेश करेंगे, क्राइम ब्रांच इसकी भूमिका की जांच करेगी। उन्होंने बताया कि दीप सिद्धू को शाम 4 बजे कोर्ट में पेश किया जाएगा। स्पेशल सेल ने अभी यह नहीं बताया है कि करनाल में वह कहां पर छुपा हुआ था।

पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा के मामले में अभिनेता दीप सिद्धू तथा तीन अन्य की गिरफ्तारी में मददगार हो सकने वाली जानकारी देने पर एक लाख रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा भी की थी।

दिल्ली पुलिस के PRO चिन्मॉय बिस्वाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने 26 जनवरी को लाल किले और दिल्ली के अन्य जगहों में हिंसा फैलाने वाले मुख्य आरोपी दीप सिद्धू को गिरफ्तार किया है। उनकी तस्वीरें पब्लिक डोमेन में हैं। हमने इसकी गिरफ्तारी पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। आगे की जांच जारी है।

बता दें कि केन्द्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में गणतंत्र दिवस पर किसानों की ‘ट्रैक्टर परेड’ के दौरान आंदोलनकारियों ने लाल किले पर हुडदंग मचाया था। कुछ लोगों ने लाल किले के प्राचीर पर तिरंगा को हटा कर एक धर्म विशेष का ध्वज लटका दिया था। उसके बाद से ही दिल्ली पुलिस इस घटना के आरोपी दीप सिद्धू को तलाश रही थी।

 

Exit mobile version