Delhi-NCR Weather Update : दिल्ली-एनसीआर में जारी है लू, लोगों की हालत खराब

जुलाई का महीना है। दिल्ली एनसीआर में मानसून की दस्तक नहीं है। नतीजा, गर्मी की तपिश लोगों को झुलसा रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि अभी दो तीन दिन ऐसी ही गर्मी का सामना करना होगा।

नई दिल्ली। बीते दो दिन से राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर को गर्मी (Heat Wave) झुलसा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से गुरुवार को भी कहा गया है कि दो दिन तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। उसके बाद दिल्ली एनसीआर (Delhi NCR) में बारिश हो सकती है। इसका मतलब है कि लोगों को अभी झुलसना होगा।

गुरुवार सुबह की शुरुआत गर्मी के साथ हुई और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से कहा गया है कि शहर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े आठ बजे तक 43 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने दिन में ‘लू’ चलने का पूर्वानुमान जताया है। मैदानी हिस्सों के लिए 40 डिग्री से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक तापमान पर लू चलने की अनुमान जताया गया है।

IMD के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र, नई दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि आज भी Delhi-NCR में तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तेज़ हवा चलेंगी। 2-3 तारीख को हल्की बारिश हो सकती है और तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

बता दें कि दिल्ली में सोमवार को इस गर्मी की पहली लू (Loo) चली और पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिल्ली की वायु गुणवत्ता बृहस्पतिवार सुबह ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गयी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिले आंकड़ों के अनुसार, सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 266 था। जानकारी के लिए बता दें कि शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 के बीच को ‘‘संतोषजनक’’, 101 और 200 के बीच को ‘‘मध्यम’’, 201 और 300 के बीच को ‘‘खराब’’, 301 और 400 के बीच को ‘‘बहुत खराब’’ और 400 से 500 को ‘‘गंभीर’’ श्रेणी में रखा जाता है।