Home राष्ट्रीय Heavy Rain : बारिश से कई राज्यों की हालत खराब, राहत एवं...

Heavy Rain : बारिश से कई राज्यों की हालत खराब, राहत एवं बचाव कार्य भी जारी

उत्तराखंड में बारिश से तबाही मच रही है। कई जिले की हालत बेहद खराब हो गई है। पीएम मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की है। मुख्यमंत्री ने आपदा-राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने की बात कही।

नई दिल्ली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सच साबित हो रहा हैं। कई राज्यों में भारी बारिश से मौसम सुहाना तो हुआ, लेकिन अपने साथ कई दूसरी मुसीबत भी लेकर आया है।

उत्तराखंड में नैनीताल झील ओवरफ्लो होने के चलते नैनीताल की सड़कों पर पानी भर गया है। इमारतों और घरों में भी जलभराव देखा जा रहा है। क्षेत्र में लगातार भारी बारिश हो रही है। नैनीताल ज़िले के रामगढ़ के एक गांव में बादल फटने की घटना सामने आई है। कुछ घायलों को बचा लिया गया है, घटनास्थल पर उपस्थित लोगों की कुल संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है।

नैनीताल की एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने बताया कि, नैनीताल जिले के रामगढ़ गांव में बादल फटने की घटना हुई। जहां बादल फटा, वहां से कुछ घायलों को बचा लिया गया है। हालांकि, प्रभावित लोगों की तादाद कितनी होगी, इस बारे में सही जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। आपदा-राहत एवं बचाव दल रेस्क्यू आपरेशन में जुट गए हैं।

बता दें कि पूर्वी क्षेत्र के कई राज्यों में भी बारिश हो रही है। बिहार और झारखंड में भी बीते दो दिनों में काफी बारिश हुई है। बदलते मौसम में बारिश के कारण कई प्रकार की मौसमी बीमारी भी फैल रही है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि असमय वर्षा के कारण प्रदेश के कुछ भागों में हमारे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। मैं सभी किसान भाइयों और बहनों को आश्वस्त करना चाहता हूं, वो बिल्कुल चिंता ना करें। जहां फसलों को नुकसान हुआ है, वहां मैंने सर्वे के निर्देश दे दिए हैं।

कोच्चि में बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने के बाद इदमालयार बांध के दो गेट खोले गए हैं।

Exit mobile version