Home खेल संबंधी हॉकी इंडिया ने डेविड जॉन, बीजे करियप्पा और शिवेंद्र सिंह को अंतरिम...

हॉकी इंडिया ने डेविड जॉन, बीजे करियप्पा और शिवेंद्र सिंह को अंतरिम कोच नियुक्त किया

भारत वर्तमान में एफआईएच प्रो लीग 2022-23 अंक तालिका में केवल ग्रेट ब्रिटेन से पीछे दूसरे स्थान पर है, जिसके चार मैचों के बाद नौ अंक हैं।

बेंगलुरु। बीजे करियप्पा और शिवेंद्र सिंह के साथ ऑस्ट्रेलियाई डेविड जॉन भारतीय पुरुष हॉकी टीम के अंतरिम कोच के रूप में काम करेंगे। बता दें कि एफआईएच हॉकी विश्व कप के बाद ग्राहम रीड ने देश के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था। फिजियोलॉजिस्ट डेविड जॉन ने हॉकी इंडिया के लिए उच्च प्रदर्शन निदेशक के रूप में कार्य किया है। शिवेंद्र सिंह ने भारतीय पुरुषों की सीनियर टीम के लिए एक फारवर्ड के रूप में खेला और बीजे करियप्पा ने पहले जूनियर भारतीय हॉकी टीम को कोचिंग दी थी।

भारत अगले महीने राउरकेला में विश्व चैंपियन जर्मनी और दुनिया की नंबर 4 टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने एफआईएच प्रो लीग 2022-23 मैचों की मेजबानी करेगा। भारत इन दोनों विरोधियों से दो-दो मैचों में भिड़ेगा। ओलंपिक वेबसाइट के अनुसार हॉकी इंडिया ने इसके लिए 20 सदस्यीय टीम की घोषणा भी कर दी है। अनुभवी हरमनप्रीत सिंह भारत के कप्तान होंगे। अमित रोहिदास की जगह हार्दिक सिंह को टीम का उपकप्तान बनाया है।

अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश भी टीम के सदस्य हैं। गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक अनुपलब्ध हैं क्योंकि उनकी शादी की तारीखें एफ़आईएच प्रो लीग मैचों से मेल खाती हैं। हरमनप्रीत सिंह और मनप्रीत सिंह भारत के लिए डिफेंस में खेलेंगे, जबकि हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद और राज कुमार पाल मिडफील्ड में खेलेंगे। फॉरवर्ड में एस कार्थी, सुखजीत सिंह, अभिषेक और गुरजंत शामिल हैं। एफआईएच हॉकी प्रो लीग मैचों के लिए भारतीय टीम राउरकेला जाने से पहले 6 मार्च तक साई, बेंगलुरु में अभ्यास करती रहेगी। भारत 10 मार्च और 13 मार्च को जर्मनी से भिड़ेगा। इसके बाद टीम मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से 12 और 15 मार्च को भिड़ेगी।

Exit mobile version