Home दुनिया यदि आपको करना है श्रीलंकाई महिला से शादी, तो लेना होगा रक्षा...

यदि आपको करना है श्रीलंकाई महिला से शादी, तो लेना होगा रक्षा मंत्रालय से मंजूरी

देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। श्रीलंका सरकार ने अपने यहां की महिलाओं से शादी करने को लेकर नया कानून बनाया है। यदि कोई विदेशी श्रीलंकाई महिला से शादी करना चाहेगा, तो उससे सबसे पहले रक्षा मंत्रालय से मंजूरी लेनी होगी।

नई दिल्ली। मन किस पर मचल जाए और किससे प्रेमपाश में बंध जाए, यह तय नहीं होता है। ऐसे में यदि किसी विदेशी व्यक्ति को श्रीलंका की महिला पर दिल आ गया। वो शादी करना चाहे, तो वहां उसे रक्षा मंत्रालय से मंजूरी लेनी होगी। इसके लिए श्रीलंका सरकार ने नया कानून बना दिया है। यह नया कानून एक जनवरी 2022 से अमल में आएगा।

बता दें कि श्रीलंका ने राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों के चलते, स्थानीय लोगों से शादी करने के इच्छुक विदेशियों के लिए रक्षा मंत्रालय से मंजूरी लेना अनिवार्य कर दिया है। वहीं, विपक्ष और कई नागरिक समूहों ने इस कदम की आलोचना की है।रजिस्ट्रार जनरल डब्ल्यू एम एम बी वीर सिकेरा ने 18 अक्टूबर की तारीख वाले एक परिपत्र में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय किया गया है।

परिपत्र के अनुसार, संबंधित अधिकारियों ने ‘‘विदेशियों और श्रीलंकाई लोगों के बीच विवाह से उत्पन्न हो सकने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों’’ पर चर्चा की।

इसमें कहा गया है कि विदेशी व्यक्ति को ‘‘सुरक्षा संबंधी अनापत्ति’’ प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही, अतिरिक्त जिला पंजीयक के माध्यम से ऐसे विवाहों को पंजीकृत करने का निर्णय किया गया है। विपक्षी दल के सांसद हर्षा डी सिल्वा ने सरकार के इस कदम की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘ यह किस तरह का भेदभाव है?’’

नागरिक संगठनों से जुड़े कई लोगों ने भी सोशल मीडिया पर इस कदम पर सवाल उठाए। परिपत्र में कहा गया कि सुरक्षा संबंधी अनापत्ति पत्र यह प्रमाणित करेगा कि विदेशी व्यक्ति पिछले छह महीनों के दौरान किसी भी अपराध के लिए दोषी नहीं ठहराया गया। सरकारी अधिकारियों ने कहा कि यह कदम काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे स्थानीय लोगों को विदेशियों द्वारा शादी करके ठगे जाने से रोकने और ऐसी शादियों के जरिए बढ़ती मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version