Independence Day 2021 : राष्ट्रपति भवन में देश के खिलाड़ियों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या में देश की ओर से खिलाड़ियों को सम्मान दिया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में टोक्यो ओलंपिक 2020 में हिस्सा लिए सभी खिलाड़ियों से बातचीत की।

नई दिल्ली। हाल ही में संपन्न टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन के बूते पूरे देश का मना बढ़ाया है। उनकी मेहनत को पूरा देश सलाम कर रहा है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में इन खिलाड़ियों को राष्ट्रपति भवन में सम्मान स्वरूप महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोंविद ने चाय पर बुलाया। सभी खिलाड़ियों से बात की।

गौर करने योग्य यह भी है कि देश के नाम अपने संबोधन में भी राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने टोक्यो ओलंपिक में विजेताओं की सराहना की। टोक्यो ओलंपिक, 2020 के भारतीय दल के साथ संवाद करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र को गौरवान्वित करने के लिए पूरे देश को उन पर गर्व है। इस दल ने अभी तक ओलंपिक में हमारी भागीदारी के इतिहास में सबसे ज्यादा पदक हासिल किए हैं। उन्होंने कहा किउनकी उपलब्धियों ने युवाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया है, साथ ही माता-पिता के बीच खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण भी पैदा हुआ है।

राष्ट्रपति ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रदर्शन न सिर्फ उपलब्धियों के मामले में, बल्कि क्षमता के मामले में भी उत्कृष्ट रहा। ज्यादातर खिलाड़ी अपने करियर की शुरुआत में हैं।राष्ट्रपति ने कहा किउन्होंने जिस भावना और कौशल के साथ टोक्यो में प्रदर्शन किया है, भारत आने वाले समय में खेल जगत में प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करेगा।

राष्ट्रपति ने पूरे भारतीय दल को उसके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कोच, सहायक स्टाफ, परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों द्वारी निभाई गई भूमिका की भी सराहना की, जिन्होंने उनकी तैयारियों में योगदान किया।