Home राष्ट्रीय किसान आंदोलन: पंजाब, हरियाणा में ट्रेन की पटरियों पर किसान, रेलवे ने...

किसान आंदोलन: पंजाब, हरियाणा में ट्रेन की पटरियों पर किसान, रेलवे ने कहा अधिक असर नहीं

अगला लक्ष्य 40 लाख ट्रैक्टरों का है, देशभर में जाकर 40 लाख ट्रैक्टर इकट्ठा करेंगे। ज्यादा समस्या की तो ये ट्रैक्टर भी वहीं हैं, ये किसान भी वही है, ये फिर दिल्ली जाएंगे।

चंडीगढ़/नई दिल्ली। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरूवार को किसान नेताओं ने रेल रोको अभियान के तहत कई जगह ट्रेन की पटरियों पर बैठे। केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया। कुछ जगह रेल रोेकने की खबर मिलीं। वहीं, उत्तर रेलवे की ओर से कहा गया कि इस रेल रोको अभियान का अधिक असर नहीं हुआ है।

हिसार में किसान सभा को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि अगला लक्ष्य 40 लाख ट्रैक्टरों का है, देशभर में जाकर 40 लाख ट्रैक्टर इकट्ठा करेंगे। ज्यादा समस्या की तो ये ट्रैक्टर भी वहीं हैं, ये किसान भी वही है, ये फिर दिल्ली जाएंगे। इस बार हल क्रांति होगी, जो खेत में औजार इस्तेमाल होते हैं, वे सब जाएंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में ‘रेल रोको’ प्रदर्शन के तहत पंजाब और हरियाणा में बृहस्पतिवार को किसान कई जगहों पर ट्रेन की पटरियों पर बैठ गए हैं। वहीं एहतियात के तौर पर अधिकारी ट्रेनों को स्टेशनों पर ही रोक रहे हैं। सूचना है कि हरियाणा के कुरुक्षेत्र में किसान गीता जयंती एक्सप्रेस के इंजन पर चढ़ गए हैं। हालांकि, ट्रेन उस वक्त खड़ी थी। कुरुक्षेत्र से रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन कुरुक्षेत्र स्टेशन से अपराह्न तीन बजे के बाद रवाना होने वाली थी। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब में किसान दिल्ली-लुधियाना-अमृतसर रूट पर कई जगह ट्रेन की पटरियों पर बैठे हुए हैं।

बता दें कि किसान आंदोलन के प्रमुख संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग के लिए दबाव बनाने को लेकर 18 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक ‘रेल रोको’ का आह्वान किया था।

हरियाणा में प्रदर्शन करने वालों में महिलाएं भी शामिल हैं। राज्य के अंबाला, कुरुक्षेत्र, पानीपत, पंचकुला और फतेहाबाद में किसान जगह-जगह पटरियों पर बैठ गए हैं। अंबाला से भारतीय किसान यूनियन के नेता गुलाब सिंह मानकपुर के नेतृत्व में किसानों का एक समूह अंबाला कैंट स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर शाहपुर गांव में पटरियों पर बैठा हुआ है। वहीं, रेलवे अधिकारियों की ओर से कहा गया कि हरियाणा और पंजाब दोनों राज्यों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सरकारी रेलवे पुलिस तथा राज्य पुलिस बल के कर्मियों को तैनात किया गया है।

अंबाला डिवीजन के संभागीय प्रबंधक जी. एम. सिंह ने बताया कि ‘रेल रोको’ आह्वान के कारण कोई ट्रेन रद्द नहीं हुई है। हरियाणा के भिवानी जिले के एक किसान नेता ने बताया कि सिवानी और लोहारू सहित चार जगहों पर जिले में ट्रेन की पटरियां अवरुद्ध की जाएंगी। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच अंबाला कैंट स्टेशन से होकर चार ट्रेनें गुजरने वाली थीं।

 

Exit mobile version