Home राष्ट्रीय Kinnaur Landslide : किन्नौर में भूस्खलन, फंसे लोगों को बचाने के लिए...

Kinnaur Landslide : किन्नौर में भूस्खलन, फंसे लोगों को बचाने के लिए जारी है राहत-बचाव कार्य

मानसून के मौसम में बारिश होना आम बात है। पहाड़ी इलाका किन्नौर में भू-स्खलन हो गया। करीब 50 लोगों के फंसने की सूचना है। नेशनल हाईवे पर भाभा नगर थाना अंतर्गत भूस्खलन की सूचना मिली है। ITBP, पुलिस, होमगार्ड और रेस्क्यू टीम को तैनात कर दिया गया है।

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भूस्खलन की घटना हुई। जिसमें 4 वाहन मलबे में दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आईटीबीपी, सेना और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अभी तक वहां से 4 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि 40-50 लोग मलबे में फंसे बताए जा रहे हैं। दोपहर 12.45 बजे के आसपास रिकांगपियो-शिमला राजमार्ग पर भूस्खलन हुआ। जिसके मलबे में एक ट्रक, HRTC बस समेत 4 वाहन दब गए। बस में कुछ यात्रियों के मौजूद होने की खबर है। किन्नौर भूस्खलन की घटना पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मैंने अधिकारियों के निर्देश दे दिया है कि वहां रेस्क्यू ऑपरेशन किया जाए। NDRF की टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है।

इस घटना को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात की। साथ ही केंद्र द्वारा हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। गृह मंत्री ने फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए और स्थिति का जायज़ा लेने के लिए ITBP के महानिदेशक से भी बात की।

किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि मेरे चुनाव क्षेत्र किन्नौर में निगुलसारी नामक स्थान है उससे करीब 2 किलोमीटर पीछे रामपुर की तरफ भूस्खलन के कारण अभी एक बस दबी हुई है। कुछ छोटी गाड़ियों और एक ट्रक के भी दबे होने की आशंका है। बस का ड्राइवर निकल गया है। ड्राइवर शॉक में है इसलिए स्पष्ट नहीं बता पा रहा है कि अंदर कितने लोग हैं। कभी 20 कभी 25 कह रहा है। अभी तक रेस्क्यू करना संभव नहीं है। एक छोटी गाड़ी के ड्राइवर को बचा लिया गया है। ITBP मौके पर पहुंच गई है लेकिन अभी तक चट्टानों का खिसकना बंद नहीं हुआ है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का कहना है कि हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में भूस्खलन बेहद परेशान करने वाला है क्योंकि कई लोगों के फंसे होने की खबर है। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रभावित क्षेत्रों में हर संभव मदद करने का अनुरोध करता हूं।

बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज किन्नौर जिले में रिकांग पियो-शिमला राजमार्ग पर भूस्खलन के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से बात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

Exit mobile version