Home स्वास्थ्य वन नेशन वन हेल्थ सिस्ट्म आज समाज की आवश्यकता : डॉक्टर वार्ष्णेय

वन नेशन वन हेल्थ सिस्ट्म आज समाज की आवश्यकता : डॉक्टर वार्ष्णेय

एक देश एक स्वास्थ्य वर्तमान समय की आवश्यकता’’ विषय पर आरोग्य मंथन का कार्यकम भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय समागम केन्द्र (मिन्टो हॉल) में आयोजित किया जा रहा है। कार्यकम 28 मई दिन शनिवार को प्रातः 11ः00 बजे से होगा। कार्यक्रम का उदघाटन देश के राष्ट्रपति माननीय रामनाथ कोविन्द जी करेंगे,इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,राज्यपाल मंगु भाई पटेल एवं प्रदेश के आयुष मंत्री रामकिशोर कावरे उपस्थित रहेंगे।

भोपाल। आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉक्टर अशोक कुमार वार्ष्णेय ने आज पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कोरोना कालखंड में समाज के प्रत्येक व्यक्ति ने अनुभव किया कि प्रत्येक रोग की सटीक औषधि उपलब्ध होना आवश्यक नहीं है। स्वास्थ्य ठीक रखने के लिए छोटे-छोटे उपक्रम भी अत्यंत प्रभावी होते हैं। प्रत्येक व्यक्ति अगर स्वयं के स्वास्थ्य के लिए जागरूक हो जाए तो वह बगैर औषधि के भी स्वस्थ रह सकता है। यह कार्य सभी प्रकार के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य में रुचि रखने वाले व्यक्ति भी कर सकते हैं। उपचार की दृष्टि से केवल एलोपैथिक चिकित्सा ही नहीं एलोपैथी के साथ आयुर्वेद एवं होम्योपैथी अथवा पृथक-पृथक आयुर्वेद और होम्योपैथी भी इस विषम दौर में कारगर होती दिखाई दी। इन निष्कर्षों के आधार पर अगर स्वास्थ्य के संपूर्णता में रोग निदान एवं रोकथाम में देखा जाए तो सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाई जा सकती है, साथ ही चिकित्सक जनसंख्या अनुपात को भी ठीक किया जा सकता है, इसलिए हमें एक देश एक स्वास्थ्य तंत्र की आवश्यकता महसूस हुई। इस व्यवस्था से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं अच्छी होंगी स्थानीय औषधी उपयोग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के माध्यम से खर्च भी कम होगा।
हमने देशभर में आरोग्य मित्र बनाएं देश के विभिन्न स्कूलों में लोगों को आरोग्य भारती के माध्यम से स्वास्थ्य की सुरक्षात्मक उपाय की जानकारी लगातार दी जा रही है उत्तर प्रदेश ,मध्य प्रदेश में हमने स्वर्ण प्राशन अभियान चलाकर हजारों बच्चों को स्वस्थ रखने का और उनके मानसिक विकास के लिए कार्य किया है। इस अभियान को देश के अन्य प्रान्त भी अपने राज्यो में प्रारंभ करने जा रहे है। नीति आयोग भी लंबे समय से वन नेशन वन हेल्थ सिस्टम नीति तैयार करने में लगा है।
आरोग्य भारती विगत 20 वर्षों से संपूर्ण देश में सेवा भाव से इस प्रकार के कार्य कर रही है, इस विषय से संबंधित आरोग्य मंथन में विषय विशेषज्ञों के वक्तव्य होंगे। इसी कड़ी में आरोग्य भारती के संस्थापक अध्यक्ष डॉक्टर राघवेंद्र कुलकर्णी का मुख्य वक्तव्य होगा। डॉक्टर संजय गुप्ता चिकित्सा शिक्षा एवं शोध कार्य विषय पर प्रकाश डालेंगे एवं डॉक्टर इंद्रनील बसु जी द्वारा क्लीनिकल प्रैक्टिस एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य विषय पर अपने विचार रखेंगे। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में आरोग्य भारती के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, चिकित्सा पद्धति से संबंधित विद्यार्थी चिकित्सक, शिक्षक एवं शोधार्थी शामिल होंगे।

Exit mobile version