Home लाइफस्टाइल पूरे देश में मनाई जा रही है रामनवमी, अयोध्या सहित कई स्थानों...

पूरे देश में मनाई जा रही है रामनवमी, अयोध्या सहित कई स्थानों पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन, उनकी कर्तव्यनिष्ठा और उच्च आदर्श पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा के स्रोत हैं। आइए, हम सब प्रभु राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प लें।

नई दिल्ली। भगवान श्रीराम का जन्मदिन आज रामनवमी के रूप में पूरे देश में मनाया जा रहा है। उनके जन्म स्थान अयोध्या में भक्तों की अधिक भीड़ है। श्रद्धालु सुबह से ही पवित्र सरयू नदी में स्नान करने के बाद मंदिरों में रामलला के दर्शन के लिए आ रहे हैं।राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद ने राम नवमी की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा है: – “रामनवमी के पावन अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। राम नवमी भगवान राम के आदर्शों को याद करने और उन्हें अपने जीवन में उतारने का एक शुभ अवसर है। उनका जीवन हमें सदाचार, सहिष्णुता, दया और बंधुत्व के उदात्त मूल्यों का अनुसरण करने के लिए प्रेरित करता है। कर्तव्यों का पालन करते हुए, हमारे जीवन का मार्गदर्शन इन शाश्वत मूल्यों द्वारा होना चाहिए। आइए, हम भगवान राम द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए खुद को समर्पित करें और एक गौरवशाली राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लें।“

रामनवमी के मद्देनज़र अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।रामनवमी के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या में राम लला के दर्शन करने पहुंचे।राम नवमी के अवसर पर लोगों ने अयोध्या के सरयू घाट पर स्नान किया।

अयोध्या के अलावा देश के तमाम शहरों में विशेष पूजा की जा रही है। श्रद्धालुओं ने वाराणसी के अष्टभुजा मंदिर में पूजा की। शाम में शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी। राम नवमी के अवसर पर पटना के महावीर मंदिर में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे।चैत्र नवरात्रि के नौंवे दिन मुंबई के मुंबा देवी मंदिर में आरती की गई। चैत्र नवरात्रि के 9वें दिन झंडेवालान मंदिर में लोगों ने पूजा की।

Exit mobile version