आदित्य चोपड़ा की अब तक की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म में पठान और टाइगर के रूप में शाहरुख-सलमान आएंगे नज़र

पठान और टाइगर के रूप में आदित्य चोपड़ा की अब तक की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म के लिए शाहरुख और सलमान खान फिर से तैयार हैं।

मुंबई: दर्शक लंबे वक्त से सलमान और शाहरुख खान को फिल्म में एक साथ देखना चाह रहे थे। लंबे समय पहले इन्हें करण अर्जुन फिल्म में देखा गया था तब दोनों की जोड़ी को पर्दे पर काफ़ी पसंद किया गया था। लेकिन अब ख़बर है कि फिल्म करण अर्जुन के बाद इन दोनों बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को एक साथ बड़े पर्दे पर लीड रोल में देखा जाएगा।

आदित्य चोपड़ा द्वारा लिखी गई भारत की सबसे बड़ी एक्शन एंटरटेनर फिल्म के लिए शाहरुख खान और सलमान खान जल्द ही टीम के रूप में नज़र आएंगे। पिंकविला की एक रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख और सलमान, आदित्य चोपड़ा द्वारा लिखी गई एक एक्शन फिल्म के लिए फिर से एक साथ आने के लिए तैयार हैं। शाहरुख और सलमान दो हीरो प्रोजेक्ट में पठान और टाइगर -3 से पठान और टाइगर के रूप में एक्टिंग करेंगे।

पिंकविला के सूत्रों के अनुसार, यश राज फिल्म्स ने 2023 के अंत तक या 2024 की शुरूआत तक दोनों एक्टर्स को स्क्रीन पर लाने की योजना बनाई है। सूत्रों ने बताया कि “शाहरुख और सलमान दोनों ने अपनी डेट्स को फ्री रखा हुआ है और इस साल के अंत में एक संयुक्त निर्णय के बाद ही इस बारे में कुछ निर्णय लिया जाएगा। हालाँकि, लेखन का संपूर्ण रचनात्मक नियंत्रण फिलहाल YRF के प्रमुख – आदित्य चोपड़ा के पास है।“

फिर साथ आएंगे शाहरुख और सलमान

टाइगर और पठान दोनों का पहला कट लॉक होने के बाद शाहरुख-सलमान की एक्शन को समेटती यह शूटिंग जल्द शुरू होगी। आदित्य चोपड़ा के इस प्रोजेक्ट को सबसे महंगा प्रोजेक्ट माना जा रहा है क्योंकि फिल्म निर्माता भारतीय सिनेमा के दो सबसे बड़े सुपरस्टार्स को बेहतरीन तरीके से पेश करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं।