कर्नाटक की सिनी शेट्टी बनी फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2022, जानिए सिनि के बारे में

फेमिना मिस इंडिया 2021 मनासा वाराणसी ने ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम में मिस इंडिया 2022 सिनी शेट्टी को ताज पहनाकर विजेता घोषित किया है।

कर्नाटक की 21 वर्षीय सिनी शेट्टी ने रविवार को फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2022 का खिताब अपने नाम किया है। मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में वीएलसीसी फेमिना मिस इंडिया के ग्रैंड फिनाले में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2022 का कार्यक्रम हुआ। सिनी अब 71वें मिस वर्ल्ड 2022 पीजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

राजस्थान की रूबल शेखावत फेमिना मिस इंडिया 2022 की फर्स्ट रनर-अप रहीं। वहीं उत्तर प्रदेश की शिनाता चौहान को फेमिना मिस इंडिया 2022 का सेकेंड रनर-अप चुना गया।

फेमिना मिस इंडिया 2021 मनासा वाराणसी ने ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम में मिस इंडिया 2022 सिनी शेट्टी को ताज पहनाकर विजेता घोषित किया।

ग्रैंड फिनाले के जूरी पैनल में पूर्व फेमिना मिस इंडिया नेहा धूपिया, अभिनेता डिनो मोरिया, डांसर मलाइका अरोड़ा, डिजाइनर रोहित गांधी और राहुल खन्ना, कोरियोग्राफर श्यामक डावर और पूर्व क्रिकेटर मिताली राज शामिल थे। वहीं कृति सेनन, ऐश चैंडलर और लॉरेन गॉटलिब का शानदार प्रदर्शन भी सितारों से सजी इस शाम के मुख्य आकर्षण में शामिल रही।

कौन है सिनी शेट्टी?

मुंबई में जन्मी 21 वर्षीय शेट्टी ने अकाउंटिंग और फाइनेंस में स्नातक की डिग्री हासिल की है। उन्होंने अपना जूनियर कॉलेज विद्याविहार, मुंबई के केजे सोमैया कॉलेज से किया। वर्तमान में, वह एक प्रोफेशनल कोर्स – चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (सीएफए) कर रही हैं। साथ ही वह एक प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर भी हैं, उन्होंने चार साल की उम्र में नृत्य करना शुरू कर दिया था और चौदह साल की उम्र में उन्होंने अरंगेत्रम और भरतनाट्यम में महारत हासिल कर ली थी।

शेट्टी की जीत ने कर्नाटक को एक और गौरव प्रदान किया है। इससे पहले कर्नाटक ने लारा दत्ता, सारा जेन डायस, संध्या चिब, नफीसा जोसेफ, रेखा हांडे और लाइमरैना डिसूजा जैसी कई सुंदरियां और अदाकाराएं देश को दी हैं।