Home राष्ट्रीय ट्विटर ने बहाल कर दिया कांग्रेस नेता राहुल गांधी का अकाउंट

ट्विटर ने बहाल कर दिया कांग्रेस नेता राहुल गांधी का अकाउंट

ट्विटर ने राहुल गांधी का अकांउट ब्लॉक कर दिया था। देश में प्रदर्शन होने लगे। कांग्रेसी कार्यकर्ता ट्विटर और केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाने लगे। अब जाकर अकांउट को दोबारा बहाल कर दिया गया है।

नई दिल्ली। आखिरकार ट्विटर ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी का ट्विटर अकांउट को बहाल कर दिया। इसको लेकर खूब विरोध हो रहा था। ट्विटर अकाउंट को बंद (लॉक) करने के करीब एक सप्ताह बाद इस माइक्रोब्लॉगिंग मंच ने शनिवार को इसे खोल दिया।

बता दें कि कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में कथित दुष्कर्म एवं हत्या की पीड़िता नौ वर्षीय बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का ट्विटर अकाउंट बंद किया गया था। ट्विटर ने कहा था कि उसने ये कदम नियमों के तहत उठाए हैं।

जैसे ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पता चला कि ट्विटर ने राहुल गांधी का अकांउट बंद कर दिया है, उसके बाद देश में कई जगह विरोध प्रदर्शन होने लगे। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए थे। राहुल गांधी ने अपना ट्विटर अकाउंट बंद किये जाने को लेकर शुक्रवार को ट्विटर पर जमकर निशाना साधा था और आरोप लगाया था कि यह अमेरिकी कंपनी भारत की राजनीतिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रही है तथा लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला कर रही है। उन्होंने यह दावा भी किया था कि ट्विटर पक्षपातपूर्ण है और वह सरकार के कहे मुताबिक काम कर रहा है।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा, ‘‘मेरा ट्विटर अकाउंट बंद करके वे हमारी राजनीतिक प्रक्रिया में दखल दे रहे हैं। एक कंपनी हमारी राजनीति का दायरा तय करने के लिए अपने कारोबार का उपयोग कर रही है। एक नेता के तौर पर मैं इसे पसंद नहीं करता।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘यह हमारे देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है। यह राहुल गांधी पर हमला नहीं है। सिर्फ यह नहीं है कि राहुल गांधी का अकाउंट बंद कर दिया गया। मेरे पास 1.9 करोड़ से दो करोड़ के बीच फॉलोवर हैं। आप उन्हें अपने विचार रखने के अधिकार से वंचित कर रहे हैं। आप यही कर रहे हैं।’’

Exit mobile version