UP Assembly Election 2022 : अब कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने दिया इस्तीफा, सबकी नजर उनके अगले कदम पर

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान अब खबर कांग्रेस खेमे से आ रही है। रायबरेली की कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया है और पत्र को सार्वजनिक कर दिया गया है। अब सबकी नजरें इस बात पर है कि उनका अगला राजनीतिक दल कौन है ? कारण, अभी प्रदेश में नेताओं का एक दल से दूसरे दलों में आना जाना लगा हुआ है।

अपना इस्तीफा उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिया है। अदिति सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के भेजे इस्तीफे में लिखा है, ”आपको अवगत कराना है कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। कृपया स्वीकार करने का कष्ट करें।” उन्होंने विधायकी छोड़ने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को भी इस्तीफा भेज दिया है। अदिति ने लिखा, ”मैं सदन से अपने स्थान से दिनांक 19 जनवरी को अपराह्न से पद का त्याग करती हूं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अदित सिंह का भाजपा में जाना तय है। पूरी बातचीत हो रही थी। वो चुनाव आचार संहिता लगने से पहले भी कांग्रेस छोड़ सकती थी, लेकिन विधायिकी जाने के डर से उन्होंने कांग्रेस का दामन नहीं छोड़ा है। बताया जा रहा है कि भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से उनकी कई दौर की बातचीत हो चुकी है। बहुत जल्द ही उनके भाजपा में जाने की औपचारिक खबरें और तस्वीर सार्वजनिक हो सकती है।