Home पॉलिटिक्स UP Politics : भाजपा को यूपी में 300 का भरोसा, सरकार-संगठन में...

UP Politics : भाजपा को यूपी में 300 का भरोसा, सरकार-संगठन में है खींचतान

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2022 में बीजेपी फिर चुनाव जीतेगी और आकड़ा फिर 300 के पार रहेगा, वैसे काफी चिंतित नजर आ रहे मौर्य जी, कोई बात हुई है क्या?

नई दिल्ली। भाजपा की ओर से बेशक यह कहा जाए कि उत्तर प्रदेश में सबकुछ ठीक ठाक चल रहा है, लेकिन दिख नहीं रहा है। संगठन के कई शीर्ष नेता दिल्ली आ जा रहे हैं। भाजपा के केंद्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष को जाना पडा। तब भी कुछ निकलकर सामने नहीं आ रहा है। केवल राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम पूरे यकीन के साथ कहते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में हम 300 के पार करेंगे।

मंगलवार को लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या (Keshav Prasad Mourya) ने राष्ट्रीय महामंत्री संगठन के साथ मुलाकात की। बैठक के बाद केशव प्रसाद मौर्या ने आज फिर वही नारा दोहराया जो उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनावों में तत्कालीन उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रहते हुए दिया था। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम साल 2022 में 300 से अधिक सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत प्राप्त करेंगे। उनके इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश में संगठन और मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

इस समय यूपी की सियासत में चर्चा है कि केशव प्रसाद मौर्या को एक बार फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है, जबकि स्वतंत्र देव सिंह को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। वहीं आईएएस एके शर्मा को उपमुख्यमंत्री का पद मिलेगा। इसके अलावा कई मंत्रियों को भी इस बार हटाने के कयास लगाए जा रहे हैं। संगठन में भी कई नेताओं की जिम्मेदारी बदलने की बात हो रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष (BL Santosh) आज योगी सरकार के सभी मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठक कर रहे हैं। पहले से तय समय के अनुसार, बीएल संतोष बैठक में सबसे पहले डिप्टी सीएम केशव मौर्य से मिले फिर डिप्टी CM दिनेश शर्मा (Dinesh Sharma) से मुलाक़ात की। इसके बाद उन्होंने मौर्य से मुलाक़ात कर योगी सरकार के कार्यकाल का जायजा लिया।

सूत्रों की मानें तो, बीएल संतोष (BL Santosh) के साथ बंद कमरे में चल रही बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्रियों से विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य से काफी देर तक वार्ता चली। हालांकि चारदीवारी के अंदर चल रही वार्ता का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते कोई भी नेता कुछ बोलने को तैयार नहीं है। डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और स्वामी प्रसाद मौर्य ने मीडिया को गोल गोल घुमाया।

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य और डॉ दिनेश शर्मा और कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य बाहर निकाल आए हैं। अब आगे की बैठक मंत्रियों के साथ जारी है। अंदरखाने से मिली जानकारी के अनुसार, यूपी भाजपा में घमासान जारी है। बैठक में हुई चर्चा के अनुसार यूपी भाजपा में काफी अंतर्विरोध है। योगी सरकार के कामकाज को लेकर यूपी भाजपा में काफी विरोध है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव से मुलाकात करने वालों में स्वामी प्रसाद मौर्य और औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के अलावा कुछ अन्य मंत्री भी शामिल थे। उधर, पार्टी सूत्रों का कहना है कि पार्टी आलाकमान से मुलाकात के दौरान संगठन और सरकार के बीच अंर्तविरोध सामने आया है। कुछ भाजपा विधायक भी बीएल संतोष से मिलना चाहते हैं मगर विधायकों से मिलने का कोई कार्यक्रम तय नहीं किया गया है।

Exit mobile version