कांग्रेस अध्यक्ष के लिए वोटिंग आज, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

कांग्रेस पार्टी अपना अगला अध्यक्ष चुनने के लिए आज मतदान करेगी। पार्टी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर हैं। 19 अक्टूबर को दिल्ली में वोटों की गिनती और नतीजों की घोषणा होगी।

नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी का अगला अध्यक्ष कौन होगा, इसका निर्णय आज के वोटिंग में हो जाएगा। राजधानी दिल्ली सहित पूरे देश में इसके लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद चुनाव के लिए आज मतदान होगा। बेल्लारी के मतदान केंद्र के बाहर सुरक्षा कड़ी की गई है। बेल्लारी में आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मतदान करेंगे।

आज प्रदेश कांग्रेस समितियों (पीसीसी) के 9,000 से अधिक प्रतिनिधि गुप्त मतदान के कर अपना अध्यक्ष्य चुनेंगे। इसके लिए देशभर में 40 केंद्रों पर 68 बूथ बनाए गए हैं। सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी समेत सीडब्ल्यूसी के सदस्य 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मतदान करेंगे।

आज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। इसके बाद सभी मतपेटियों को दिल्ली लाया जाएगा जहां पार्टी मुख्यालय में 19 अक्टूबर को मतगणना होगी जिसके बाद कांग्रेस के अध्यक्ष का ऐलान किया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच अध्यक्ष पद के लिए कड़ा मुकाबला होगा।