नई दिल्ली। मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में सुबह 9 बजे तक 5.02 फीसदी मतदान हुआ है। करहल में सबसे ज्यादा 6.1 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं भोगांव में सबसे कम 4.4 मतदान हुआ। किशनी के परतापुर में 270 बूथ संख्या की मशीन सात बजे शुरू नहीं हो पाई। 7.40 पर शुरू हो सकी। इसके बाद मतदान शुरू हुआ।रामपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और उनकी पत्नी सीमा नकवी ने मतदान किया। रामपुर में निर्वाचन कार्यों की कंट्रोल रूम के कर्मचारी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
वोट डालने के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रशास पर बड़ा आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि मतदान शुरू होने के दिन से ही प्रशासन किसके इशारे पर काम कर रहा है, मुझे नहीं पता। उसे क्या ब्रीफिंग दी गई है? सुबह से लगातार शिकायतें आ रही हैं। पुलिस लोगों को वोट नहीं डालने दे रही है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि रामपुर में लोगों को घरों से नहीं निकलने दिया जा रहा है। तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। प्रशासन वोटिंग रोकने की कोशिश कर रहा है। रामपुर में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहा। चुनाव आयोग वोट रोकने पर कार्रवाई करे। रामपुर में फोर्स मांगनी पड़ी है। चुनाव आयोग हर बात को नजरअंदाज कर रहा है। प्रशासनिक अधिकारी बात करने के लिए तैयार नहीं है। मैनपुरी प्रशासन पर भी अखिलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाए।
हम सबका एक-एक मत समाजवादी सिद्धांतों एवं मूल्यों की निरंतरता को सुनिश्चित करेगा। pic.twitter.com/vLiOMkmF8m
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 5, 2022
खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव में सुबह 9:00 बजे तक 6.9 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, खतौली के नावला में एक ईवीएम मशीन खराब थी। जिसकी सूचना पर एसपी सिटी और एडीएम ई ने मौके पर पहुंचकर ईवीएम मशीन को बदलवाया। दोबारा से मतदान शुरू कराया गया है। नावला मतदान केंद्र पर ही एक एजेंट के पास मोबाइल हुआ बरामद।