Home राष्ट्रीय Weather Update : होली के बाद मौसम ने दिखाया रंग, बढ गई...

Weather Update : होली के बाद मौसम ने दिखाया रंग, बढ गई गर्मी

अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता 48 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके साथ ही मौसम विभाग ने दिन में तेज हवा चलने का अनुमान जताया है।

नई दिल्ली। वसंत के अंतिम दिन होली (Holi) का त्योहार मन गया। उसके बाद मौसम ने भी अंगडाई लीं और तापमान में तेजी देखी गई। कई सालों का रिकाॅर्ड टूटा। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह आसमान साफ रहा और न्यूनतम तापमान मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री अधिक 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें कि सोमवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, जो 31 मार्च 1945 के बाद से मार्च में सबसे अधिक तापमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दि‍ल्‍ली के सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक है। श्रीवास्तव ने कहा क‍ि पिछले तीन से चार दिनों से हवा की गति कम होने और आसमान साफ होने के चलते कड़ी धूप निकलने को लेकर अधिक तापमान दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक, मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो, तब उसे ‘लू’ घोषित किया जाता है।कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि मंगलवार को 35 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने से अधिकतम तापमान घट कर करीब 38 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा।

मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बताया गया कि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता 48 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके साथ ही मौसम विभाग ने दिन में तेज हवा चलने का अनुमान जताया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर 202 था। बता दें कि 201 से 300 के बीच के एक्यूआई को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर श्रेणी में माना जाता है, जबकि 500 से ज्यादा का एक्यूआई अत्यंत गंभीर श्रेणी में आता है।

Exit mobile version