Home राष्ट्रीय सर्दी में बारिश ने बढ़ाई डटे किसानों की मुश्किलें

सर्दी में बारिश ने बढ़ाई डटे किसानों की मुश्किलें

नई दिल्ली। अपने अनुसार अधिकार लेना कभी आसान नहीं है। दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसान अपने अनुसार नए कृषि कानून बनाने की मांग कर रहे हैं। महीना भर से अधिक हो गया है, लेकिन सरकार से तानातानी जारी है। इसी बीज रविवार सुबह हुई बारिश और कुछ जगह गिरे ओले ने इन किसानों की मुश्किल में वृद्धि कर दी है। लगातार बारिश होने से आंदोलन स्थलों पर जलजमाव हो गया है।

सिंघू बॉर्डर पर डटे किसान गुरविंदर सिंह का कहना है कि कुछ स्थानों में पानी भर गया है और समुचित जन सुविधाएं नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अनेक समस्याओं के बावजूद भी हम यहां से तब तक नहीं हिलने वाले जब तक कि हमारी मांगे पूरी नहीं हो जातीं।’’ वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसान नेता अभिमन्यु कोहर ने रविवार को कहा कि किसान जिन तंबूओं में रह रहे हैं वह वॉटरप्रूफ हैं लेकिन ये ठंड और जलभराव से उनका बचाव नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, ‘‘बारिश की वजह से प्रदर्शन स्थलों पर हालात बहुत खराब हैं, यहां जलभराव हो गया है। बारिश के बाद ठंड बहुत बढ़ गई है लेकिन सरकार को किसानों की पीड़ा नजर नहीं आ रही।’’

ठंड और बारिश के बीच टिकरी बॉर्डर पर आज 39 वें दिन भी कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “ठंड से बचने के लिए आग का सहारा ले रहे हैं। जब तक कानून वापस नहीं लिए जाएंगे हम वापस नहीं जाएंगे।”

वहीं, मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई तथा बादल छाए रहने और पूर्वी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस तथा 25 मिमी बारिश दर्ज की गई। पालम वेधशाला में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री तथा 18 मिमी बरसात दर्ज की गई। छह जनवरी तक बारिश के साथ ओले गिरने का अनुमान है। मौसम विभाग के निदेशक राजेंद्र कुमार जेनामनी की ओर से कहा गया है कि पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी और उत्तर राजस्थान में 3- 4 और 5 जनवरी को बारिश होगी। पंजाब में 3-4 जनवरी को भारी बारिश होगी। दिल्ली में तापमान में कुछ ज़्यादा बदलाव नहीं होगा और दिन ठंडे रहेंगे। दिल्ली में बारिश होगी।

 

Exit mobile version