ओडिशा में बलात्कार की कोशिश करने वाले व्यक्ति की हत्या के आरोप में महिला गिरफ्तार

कथित घटना मकर संक्रांति की रात 14 जनवरी को उसके घर पर हुई जब परिवार के अन्य सदस्य त्योहार मनाने के लिए बाहर गए हुए थे।

ओडिशा के मयूरभंज जिले में कथित तौर पर बलात्कार का प्रयास करने वाले व्यक्ति की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।

एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी है। महिला को बारीपदा सदर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया था। कथित घटना मकर संक्रांति की रात (14 जनवरी) को उसके घर पर हुई जब परिवार के अन्य सदस्य त्योहार मनाने के लिए बाहर गए हुए थे।

हत्या के बाद उसने अपने कुछ साथियों के साथ गुंजुसाही गांव के पास एक जंगल में उस व्यक्ति के शव को दफना दिया। बता दें कि आरोपी और पीड़िता दोनों आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।