Home दुनिया World News : यूरोपिय देशों ने बंद किया रूसी हवाई क्षेत्र का...

World News : यूरोपिय देशों ने बंद किया रूसी हवाई क्षेत्र का प्रयोग करना

नई दिल्ली। ‘यूनाइटेड एयरलाइन्स’ ने कहा कि उसने अमेरिका से मुंबई और दिल्ली आने-जाने वाले अपने विमानों के लिए रूसी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल बंद कर दिया है। विमानन कम्पनी के एक प्रवक्ता ने इस कदम को ‘‘अस्थायी’’ बताया। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

‘अमेरिकन एयरलाइंस’ ने भी दिल्ली और न्यूयॉर्क के बीच आने-जाने वाले अपने विमानों के लिए दक्षिणी रूस के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल बंद कर दिया है। गौरतलब है कि यह कदम 24 फरवरी से रूस द्वारा यूक्रेन में सैन्य अभियान शुरू करने के बाद उठाया गया है। रूस के इस कदम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना की जा रही है और उस पर कई तरह के प्रतिबंध भी लगाए गए हैं।

बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन पर यूक्रेन के खिलाफ ‘‘पूर्व नियोजित तथा अकारण’’ युद्ध छेड़ने का आरोप लगाया और कहा कि अमेरिका उनके द्वारा पेश की गईं चुनौतियों का सामना करने को तैयार है। बाइडन ने कहा, ‘‘ अपने पूरे इतिहास से हमने यह सबक सीखा है कि जब तानाशाह को अपनी आक्रामकता की कीमत नहीं चुकानी पड़ती, तो वे और अधिक अराजकता फैलाने लगते हैं। वे आगे बढ़ते रहते हैं और अमेरिका तथा विश्व के लिए खतरा बढ़ता जाता है।’’

पुतिन पर निशाना साधते हुए बाइडन ने कहा, ‘‘ इसलिए द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का गठन किया गया। अमेरिका सहित 29 अन्य देश इसके सदस्य हैं। अमेरिकी कूटनीति मायने रखती है।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ पुतिन का युद्ध पूर्व नियोजित और अकारण है। उन्होंने कूटनीति के प्रयासों को खारिज कर दिया। उन्होंने सोचा था कि पश्चिमी देश और नाटो इसका जवाब नहीं देंगे। उन्हें लगा था कि वह हमारे घर में ही हमें बांट सकते हैं। पुतिन गलत थे। हम तैयार हैं।’’

Exit mobile version