World Senior Citizens Day 2022: जानिए क्या है इस दिन का इतिहास और महत्त्व?

यूएसए में इस दिन को वर्ल्ड सीनियर सिटीजन डे के रूप में भी जाना जाता है, यह दिन मानव समाज में बुजुर्गों के योगदान को उजागर करने और उन्हें सम्मानित करने के इरादे से मनाया जाता है।

World Senior Citizen’s Day: प्रत्येक साल 21 अगस्त को वर्ल्ड सीनियर सिटीजन डे के रूप में मनाया जाता है। इसे संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएस) में राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के रूप में भी जाना जाता है। यह दिन मानव समाज में बुजुर्ग लोगों के योगदान को उजागर करने और उन्हें सम्मानित करने के उद्वेश्य से मनाया जाता है। यह दिन बुजुर्गों को प्रभावित करने वाले विभिन्न मुद्दों पर ध्यान आकर्षित करने के लिए भी मनाया जाता है, जैसे- स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और युवा लोगों द्वारा दुर्व्यवहार आदि।

इस दिन का इतिहास

1988 में पूर्व अमेरिका के राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन द्वारा सबसे पहले वर्ल्ड सीनियर सिटिजंस डे मनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया था। रीगन ने ऑफिशियली विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस की स्थापना के लिए 19 अगस्त, 1988 को घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। जिसके दो वर्ष पश्चात पहले विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस की 14 दिसंबर, 1990 को संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की महासभा के द्वारा घोषणा की गई थी. वरिष्ठ नागरिक दिवस का पहला उत्सव 1 अक्टूबर, 1991 को मनाया गया परंतु बाद में संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा इसकी तारीख को बदलकर 21 अगस्त कर दिया गया। जिसके बाद से पूरी दुनिया में 21 अगस्त को वर्ल्ड सीनियर सिटिजंस डे के रूप में मनाया जाता है।

वर्ल्ड सीनियर सिटिजंस डे का महत्त्व

संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने बताया है कि, बुजुर्गों की आबादी 2050 तक 1.5 अरब से अधिक तक पहुंचने का अनुमान है तथा यह वृद्धि पूर्वी एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया में प्रमुख रूप से देखे जाने की संभावना है। वहीं कम विकसित राष्ट्रों में साल 2050 तक दो-तिहाई से अधिक बुजुर्ग लोगों की तादाद होगी। बढ़ती बुजुर्ग आबादी के साथ, एक मजबूत प्रणाली विकसित करना आवश्यक है, जिसके चलते इस दिन का महत्त्व और बढ़ जाता है।