Home क्राइम Delhi Fire : मुंडका में लगी आग में अब तक 27 के...

Delhi Fire : मुंडका में लगी आग में अब तक 27 के मरने की पुष्टि, सर्च अभियान जारी

मुंडका आग घटना पर DCP समीर शर्मा, बाहरी जिला, दिल्ली ने कहा कि अभी NDRF की टीम जगह की सफाई कर रही है और देख रही है कि वहां कोई है तो नहीं। अभी तक हमें 27 शव मिले जिसमें 25 की पहचान नहीं हुई है। अभी आगे फॉरेंसिक DNA के साथ चेक करेगी। गायब हुए लोगों की जानकारी एकत्र की जा रही है।

नई दिल्ली। कल मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हुई और 12 लोग घायल हुए हैं। मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास घटनास्थल पर NDRF की टीम बचाव अभियान कर रही है जहां कल शाम को एक इमारत में आग लग गई थी। धर्मेंद्र कुमार, एडीएम, पश्चिम दिल्ली का कहना है कि यहां 70-80 लोग काम करते थे। रेस्क्यू भी किया गया है… ज़िम्मेदारी जांच के बाद तय होगी। इस बारे में हम कयास नहीं लगा सकते। अभी हमारी प्राथमिकता है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया जाए। जिन लोगों को हल्की चोटें आई थी, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। जो 27 मृतक थे, उन्हें संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। उनके परिजनों से हम संपर्क कर रहे हैं क्योंकि DNA के सैंपल्स के अलावा पहचान का कोई रास्ता नहीं है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास घटनास्थल पर पहुंचे, जहां कल शाम को एक इमारत में आग लग गई थी। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। दुर्घटना में अभी तक 27 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने एक हेल्प डेस्क भी लगाया है, परिजनों से संपर्क किया जा रहा है… दिल्ली सरकार की तरफ से मैंने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिवार को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। घायलों को 50-50 हज़ार का मुआवजा दिया जाएगा।

मुंडका आग घटना पर एस.पी. तोमर, दिल्ली सिविल डिफेंस ने कहा कि हम लोगों ने हेल्प डेस्क की शुरूआत इसलिए की है ताकि जिन लोगों के परिजन गायब हैं या फिर घायल हैं, उनको सही जानकारी मिल सके और वे परेशान ना हो। हमारी जानकारी के मुताबिक अभी तक 28 लोग गायब हैं, जिसमें 5 पुरुष और 23 महिलाएं हैं। हम गायब लोगों की पूरी जानकारी ले रहे हैं। हमने लोगों को हेल्पलाइन नंबर दिया है। कोई भी जानकारी आने पर उनको तत्काल सूचित किया जाएगा।

विकाश सैनी असिस्टेंट कमांडेंट NDRF का कहना है कि सतह पर तो हमने तीनों फ्लोर पर सर्च कर लिया है, परन्तु पूरी तरह से दूसरी मंजिल पर एक साइड से सर्च की कार्रवाई जारी है। दूसरी मंजिल पर हमें बॉडी के छोटे-छोटे 7-8 पार्ट मिले हैं। लगभग 4-5 घंटे में सर्च का काम पूरा हो जाएगा। हमारी टीम रात 11:30 बजे के आसपास घटनास्थल पर पहुंच गई थी। पहले यहां सर्च अभियान में काफी समस्या हो रही थी। आग पर काबू पा लिया गया था परन्तु दीवारों और छत से जो पानी टपक रहा था वो काफी गर्म था, अब सर्च करने में कोई समस्या नहीं आ रही।

Exit mobile version