मुंबई। कुर्ला, मुंबई में चार मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में 1 और व्यक्ति को जिंदा बचा लिया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। कितने लोग फंसे हैं इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। बीएमसी के अनुसार अब तक कुल 12 लोगों को बचाया गया है। अभी भी राहत बचाव कार्य जारी है। एक और व्यक्ति को बचाया गया है। 25-30 लोगों के दबे होने की आशंका है लेकिन इसके सटीक आकंड़े अभी स्पष्ट नहीं है। इमारत की मंजिल एक के ऊपर एक आकार में गिरने के कारण भीतर जाने में समय लग रहा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय मांजरेकर की ओर से कहा गया है कि करीब 12 बजे ये इमारत गिरी है। सूचना मिलने के बाद हमारे कुछ अधिकारी घटनास्थल पर आएं और उन्होंने 3 लोगों को बचाया। बचाएं हुए व्यक्तियों में से 1 व्यक्ति ने बताया की इमारत में 25-30 लोग फंसे हो सकते हैं। अभी तक हमने 12 व्यक्तियों को बाहर निकाला है और हमें अंदर 5 लोग और फंसे हुए दिख रहे हैं। उनका बचाव अभियान जारी है। हमें लग रहा है कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन में कम से कम 1 दिन लगेगा।
शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि अभी तक 5-7 लोगों को निकाला गया है उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। चारों इमारत को खाली करने का नोटिस दिया गया था लेकिन कई लोग अभी भी वहां रहते हैं। हमारी प्राथमिकता है कि इमारत को खाली कराया जाए और बिल्डिंग को तोड़ा जाए।