नीरज चोपड़ा को मिला गोल्ड मेडल, पूरा देश दे रहा बधाई


नई दिल्ली।
नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 में भारत का पहला स्वर्ण पदक जीता। नीरज चोपड़ा ने दूसरे प्रयास में 88.17 मीटर का थ्रो किया। नीरज चोपड़ा की इस उपलब्धि के साथ ही ही देशभर में जश्न का माहौल देखा जा रहा है और नीरज चोपड़ा को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। नीरज चोपड़ा की इस कामयाबी पर जहां उनके माता-पिता ने प्रसन्नता जताई है वहीं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, राज्यों के मंत्रियों, विभिन्न दलों के नेताओं और खेल तथा अन्य क्षेत्रों की लोकप्रिय हस्तियों के अलावा आम लोग भी नीरज चोपड़ा की बढ़-चढ़कर सराहना कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय खेलों के इतिहास में एक और सुनहरा पन्ना लिख दिया है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हे बधाई देते हुए कहा कि नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बनकर भारतीय खेलों के इतिहास में एक और सुनहरा पन्ना जोड़ दिया। बुडापेस्ट में भालाफेंक फाइनल में उनका बेहतरीन प्रदर्शन हमारे लाखों युवाओं को प्रेरित करेगा।’’ वहीं नीरज के माता-पिता ने कहा है कि यह जीत सभी भारतीयों को प्रेरणा देने वाली है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने एक एक्स पोस्ट में कहा; ”प्रतिभाशाली @नीरज_चोपड़ा1 उत्कृष्टता का उदाहरण हैं। उनका समर्पण, सटीकता और जुनून उन्हें न केवल एथलेटिक्स में एक चैंपियन बनाता है, बल्कि पूरे खेल जगत में भी अनुपम उत्कृष्टता का प्रतीक बनाता है। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई।

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा के पिता सतीश कुमार का कहना है कि यह पूरे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। वह पूरे देश का बेटा है। वह देश के लिए प्रदर्शन करता है। नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी ने कहा कि उसने गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उसके वापस आने के बाद हम जश्न मनाएंगे।

बुडापेस्ट में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा के गोल्ड मेडल जितने पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल जीतने के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई…सिर्फ वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ही नहीं, नीरज चोपड़ा ने कई अन्य चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीता है। एथलेटिक्स के क्षेत्र में यह भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह खुशी की बात है कि भारत कई क्षेत्रों में चैम्पियन की भूमिका निभा रहा है और आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में हरियाणा के सर्वश्रेष्ठ एथलीट नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2023 में स्वर्ण पदक जीता। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के पहले एथलीट हैं। मैं नीरज चोपड़ा, उनके कोच, उनके परिवार और अन्य खिलाड़ियों को बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि युवा उनसे प्रेरणा लेंगे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी।