नई दिल्ली। ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में अब तक किसी भी भारतीय एथलिट ने पदक नहीं जीता था। बर्मिंघम में हो रहे राष्ट्रमंडल खेल में भारत के हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने कांस्य पदक जीतकर रिकॉर्ड बनाया। पुरुषों के हाई जंप इवेंट के फाइनल में तेजस्विन ने 2.22 मीटर का जंप लगाया। तेजस्विन राष्ट्रमंडल खेल के हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने।
पुरुषों की ऊंची कूद में कांस्य जीतने वाले तेजस्विन शंकर ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि मैंने पदक जीता और एथलेटिक्स में भारत की तालिका खोली। मैं सभी का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया और मुझे मौका दिया। मुझे लगता है कि कॉमनवेल्थ के इतिहास में ऊंची कूद में यह भारत का पहला पदक है।
दिलचस्प बात यह है कि एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उन्हें टीम इंडिया में शामिल नहीं किया था, लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद उन्हें जगह दी गई।
तेजस्विन शंकर की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी। प्रधानमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि तेजस्विन शंकर ने इतिहास रचा है। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में हमारा पहला हाई जंप मेडल जीता। कांस्य पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई। उनके प्रयासों पर गर्व है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। वह सफलता प्राप्त करते रहें।
Tejaswin Shankar creates history. He wins our first high jump medal in the CWG. Congratulations to him for winning the Bronze medal. Proud of his efforts. Best wishes for his future endeavours. May he keep attaining success. @TejaswinShankar pic.twitter.com/eQcFOtSU58
— Narendra Modi (@narendramodi) August 4, 2022
बता दें कि तेजस्विन 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में छठे स्थान पर रहे थे। हालांकि, बीते चार वर्षों में उन्होंने अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया है। तेजस्विन ने इस पदक को जीतने के लिए अपनी जी जान लगा दी। आखिर में तेजस्विन ने स्वर्ण पर भी निशाना साधना चाहा। उन्होंने 2.28 मीटर जंप लगाने की कोशिश की और न्यूजीलैंड के हामिश केर को पीछे छोड़ना चाहा, लेकिन विफल रहे।