मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में भाषा के नाम पर हो रही घटनाओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि मराठी भाषा पर गर्व करना गलत नहीं, लेकिन भाषा के आधार पर किसी भी तरह की गुंडागर्दी या हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्पष्ट कहा, “मैं बिल्कुल साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि महाराष्ट्र में मराठी भाषा पर गर्व करना कोई अपराध नहीं है, लेकिन अगर कोई भाषा के नाम पर गुंडागर्दी करेगा या मारपीट करेगा, तो ऐसी हरकतों को किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस ने कार्रवाई की है, और चेतावनी दी कि भविष्य में भी यदि कोई व्यक्ति भाषा के मुद्दे को लेकर कानून हाथ में लेता है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के इस बयान को भाषा के नाम पर बढ़ते तनाव को लेकर एक सख्त चेतावनी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।















