बसवराज बोम्मई बने कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, राज्यपाल गहलोत ने दिलाई शपथ

पिता मुख्यमंत्री थे। राजनीति विरासत में मिली। जिनके साथ गृहमंत्री के रूप में काम किया, उन्होंने ही मुख्यमंत्री बनने के लिए नाम सुझाया। बुधवार को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में बसवराज बोम्मई ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

बेंगलुरु। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में बसवराज बोम्मई ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजभवन में एक सादे समारोह में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उन्हें शपथ दिलाई। कोरोना महामारी के कारण शपथ ग्रहण समारोह को बड़े स्तर पर नहीं किया गया।

बता दें कि कर्नाटक के नए सीएम के तौर पर बसवराज बोम्मई के नाम का खुलासा भी बीएस येदियुरप्पा ने ही किया है। कई मंत्रियों और विधायकों ने भी कार्यवाहक सीएम के इस सुझाव के साथ अपनी सहमति जताई थी।

सियासी गलियारों में चर्चा हो रही थी कि कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बनाए जाने के साथ ही उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा थी। उस पर केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी का कहना है कि कितने उपमुख्यमंत्री बनाने हैं और किसको बनाना है, जहां तक मुझे जानकारी है अभी इसपर निर्णय नहीं हुआ है। पूरी स्थिति की जानकारी लेकर पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व निर्णय लेगा।

बता दें कि 61 वर्षीय बसवराज बोम्मई का जन्म 28 जनवरी, 1960 को कर्नाटक के धारावाड़ा जिले में हुबली शहर में हुआ था। पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर बसवराज बोम्मई ने अपने करियर की शुरुआत टाटा समूह से की थी। बसवराज के पिता एसआर बोम्मई भी कर्नाटक के मुख्यमंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं। बसवराज बोम्मई की पत्नी का नाम चेन्नम्मा हैं और उनके दो बच्चे हैं।